लखनऊ 19 नवंबर (आरएनएस )। उत्तर प्रदेश की बागवानी क्षेत्र की शीर्ष संस्था उ.प्र. राज्य औद्यानिक सहकारी विपणन संघ (हॉफेड) को नया नेतृत्व मिल गया है। संयुक्त निदेशक (उद्यान) डॉ. सर्वेश कुमार ने हॉफेड के प्रबन्ध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार संभालते हुए सभापति नवलेश प्रताप सिंह से शिष्टाचार भेंट की। शासन द्वारा 14 नवम्बर 2025 को जारी आदेश के अनुसार उन्हें वर्तमान दायित्वों के साथ प्रबन्ध निदेशक का दायित्व सौंपा गया है।भेंट के दौरान दोनों अधिकारियों ने बागवानी क्षेत्र को और अधिक सुदृढ़ करने तथा प्रदेश के बागवान किसानों को आधुनिक तकनीकों से जोडऩे के लिए योजनाबद्ध रणनीति पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि हॉफेड के माध्यम से राज्य की 1044 औद्यानिक सहकारी समितियों और 14 जिला औद्यानिक सहकारी संघों को सक्रिय करते हुए फसलों की उत्पादकता, गुणवत्ता तथा विपणन क्षमता को बेहतर बनाया जाएगा।बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि फसल तुड़ाई के बाद प्रबंधन (पोस्ट हार्वेस्ट मैनेजमेंट) को मजबूत करना और किसानों को लाभकारी मूल्य दिलाना हॉफेड की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस दिशा में हॉफेड द्वारा हाई-टेक हॉर्टीकल्चर को बढ़ावा देने, किसानों को केन्द्र व राज्य सरकार की योजनाओं से लाभ दिलाने और प्रमुख फसलों—खासतौर पर आम और आलू—के विपणन को राष्ट्रीय स्तर तक विस्तार देने के लिए लगातार बायर–सेलर मीट आयोजित की जा रही हैं। इन बैठकों से किसानों को बड़े व्यापारियों से सीधा जुडऩे का अवसर मिल रहा है और उन्हें बिक्री के नए विकल्प प्राप्त हो रहे हैं।सभापति नवलेश प्रताप सिंह ने नव नियुक्त प्रबन्ध निदेशक को निर्देश दिए कि हॉफेड के संचालक मंडल की बैठक शीघ्र आयोजित की जाए, ताकि लंबित निर्णयों पर तेजी से कार्यवाही हो सके। उन्होंने कहा कि किसानों से जुड़ी परियोजनाओं में पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और सभी कार्यक्रमों को समयबद्ध तरीके से लागू किया जाना आवश्यक है।उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि आलू विकास नीति के अंतर्गत प्रस्तावित बायर–सेलर कार्यक्रमों को गति दी जाए तथा एकीकृत बागवानी विकास मिशन के तहत चलाए जाने वाले किसान जागरूकता कार्यक्रमों के लिए ठोस कार्ययोजना बनाकर प्रभावी क्रियान्वयन किया जाए। इससे प्रदेश के लाखों बागवानी किसानों को योजनाओं का अधिकतम लाभ सुनिश्चित किया जा सकेगा।हॉफेड में नया नेतृत्व मिलने से बागवानी क्षेत्र में नई ऊर्जा के साथ सुधार व विस्तार की उम्मीद जताई जा रही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

