दतिया 20 नवंबर (आरएनएस)। कलेक्टर स्वप्निल वानखडे ने आज गुरूवार को भाण्ड़ेर अनुभाग के ग्राम सलौन बी पहुंचकर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं, दवाईयों की उपलब्धता, साफ-सफाई, वार्ड, प्रसव व्यवस्था, रिकार्ड संधारण अवलोकन किया।
उन्होंने चिकित्सकों, स्टॉफ को समय पर उपस्थित रहने, मरीजों के साथ संवेदनशील व्यवहार अपपाने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने गर्भवती महिलाओं, बच्चों और वृद्धजनों को प्राथमिकता के आधार पर उपचार देने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक गर्भवती महिला के घर पर नजदीकी प्रसव केन्द्र की जानकारी एवं स्वास्थ्य केन्द्र के दो तीन सम्पर्क सूत्र उनके परिजनों को प्रदान करना सुनिश्चित करें। जिससे समय आने पर गर्भवती महिला सही समय पर स्वास्थ्य केन्द्र पहुंच सके।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर वानखड़े द्वारा अस्पताल में अतिरिक्त वार्ड एवं नवीन कक्षों की जरूरत का आंकलन करते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को नवीन सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का प्रस्ताव बनाकर भेजने हेतु निर्देशित किया गया। इस दौरान ग्राम पंचायत के सरपंच प्रतिनिधि द्वारा नवीन अस्पताल बनाने हेतु निजी भूमि दान करने की इच्छा जताई जिस पर कलेक्टर द्वारा उनके इस जनसेवा से जुडे प्रस्ताव की प्रशंसा की।
स्वास्थ्य केन्द्र निरीक्षण के पश्चात् उन्होंने अनुसूचिज जाति सीनियर बालक छात्रावास सालौन-बी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ग्रामीणजनों द्वारा छात्रावास में बच्चों के न रहने की जानकारी प्रदान की गई। जिस पर कलेक्टर वानखडे द्वारा अनुविभागीय विभागीय अधिकारी राजस्व भाण्ड़ेर सोनाली राजपूत को सम्पूर्ण संधारित रिकार्ड की जांच करने के निर्देश दिए।

