दतिया 20 नवंबर (आरएनएस)।कलेक्टर स्वप्निल वानखडे द्वारा श्री पीताम्बरा पीठ मंदिर परिसर में चल रहे निर्माण कार्यो का निरीक्षण किया गया। ज्ञातव्य है कि विगत दिवस रात्रि लगभग 9 बजे श्री पीताम्बरा पीठ मंदिर के मुख्य द्वार पर प्रचलित निर्माण कार्य के दौरान नवनिर्मित मुख्य द्वारा का एक विशाल भाग अचानक ध्वस्त हो जाने से निर्माणाधीन 12 पिलरों में से 8 पिलर पूर्णत: जमींदोज हो गए थे।
कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े ने इसे अत्यंत गंभीर संरचनात्मक लापरवाही मानते हुए कहा कि मंदिर जैसा संवेदनशील और भीड़-प्रधान स्थान इस प्रकार की लापरवाही को बिलकुल स्वीकार नहीं कर सकता। उन्होंने निर्माण कार्य कर रहे ठेकेदार से पिलर ढ़हने का कारण पूछने पर ठेकेदार द्वारा संतुष्टीजनक जबाव नहीं दिया गया जिस पर उन्होंने तत्काल हादसे की जांच कर दोषियों के खिलाफ एफआईआर कराने के निदेश दिए।
उन्होंने श्री पीताम्बरा पीठ मंदिर परिसर में संचालित निर्माण कार्य की गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों एवं तकनीकी प्रावधानों की जांच हेतु स्वतंत्र जांच दल का गठन किया गया है। जिसमें एसडीएम दतिया संतोष तिवारी, कार्यपालन यंत्री निर्माण विभाग संभाग दतिया आदित्य सोनी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी नगर पालिका दतिया नागेन्द्र सिंह गुर्जर और फायर सेफ्टी ऑफीसर दतिया धर्मेन्द्र धाकड़ को शामिल किया गया है। कलेक्टर ने कहा कि गठित जांच दल निर्माण कार्य की गुणवत्ता और तकनीकी मानकों की जांच करते हुए जांच प्रतिवेदन तीन दिवस में प्रस्तुत करेंगे।

