जबलपुर 20 नवंबर (आरएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने गुरूवार को जबलपुर संभागीय कार्यालय में जबलपुर नगर निगम के पार्षदगण, पार्षद प्रत्याशियों एवं मंडल अध्यक्षों की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) मतदाता सूची को पारदर्शी और विश्वसनीय बनाने का माध्यम है। भाजपा के सभी कार्यकर्ता एसआईआर अभियान में मतदाताओं का सहयोग करें, इसके लिए प्रत्येक कार्यकर्ता प्रतिदिन समय निकालकर अपने वार्ड के प्रत्येक बूथ पर जाएं। पार्टी की ओर से तय कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्र में जाकर 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले नव मतदाता, परिवार में विवाह के पश्चात जुड़े नये सदस्यों के नाम जुड़वाना है, साथ ही जो मतदाता जीवन यापन के लिए रह रहे हैं, किन्तु यहां के स्थाई निवासी नहीं है, उनके नाम की भी चिंता करना है।
भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद जी ने कहा कि पार्टी के सभी कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्र में यह सुनिश्चित करें कि किसी भी पात्र मतदाता को एसआईआर की प्रक्रिया के दौरान कोई परेशानी न होने पाए। एसआईआर प्रक्रिया मतदाता सूची के सटीक और शुद्धिकरण के लिए चलाई जाने वाली प्रक्रिया है, जो समय-समय पर होती रहती है। अगर मतदाता सूची में कुछ ऐसे लोगों के नाम भी हैं, जो कई स्थान पर मतदाता बने हैं तो उनके संबंध में भी बीएलओ और निर्वाचन आयोग को जानकारी देकर मतदाता सूची को सटीक कराने में सहयोग करें। भाजपा संगठन के समर्पित कार्यकर्ता जिस भी कार्य को संकल्प के साथ शुरू करते हैं, उसे लक्ष्य तक पहुंचाने के बाद ही रूकते है। सभी कार्यकर्ता एसआईआर के कार्यों में सहभागिता कर मतदाताओं की मदद करें। कार्यकर्ता यह सुनिश्चित करें कि एक भी वास्तविक मतदाता को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद जी ने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया किसी भी अनियमितता को रोकने और मतदाता सूची को स्वच्छ, पारदर्शी और विश्वसनीय बनाने का सबसे शक्तिशाली माध्यम है। हमें जनता को यह बताना होगा कि एसआईआर किसी भी मतदाता का नाम काटने के लिए नहीं है। एसआईआर सिर्फ मतदाता सूची के सटीक शुद्धिकरण के लिए चलाया जाने वाला अभियान है। पार्टी के सभी कार्यकर्ता 4 दिसंबर तक चलने वाले इस अभियान में पूर्ण समर्पण के साथ जुट जाएं। विपक्षी दलों द्वारा अगर एसआईआर को लेकर जनता में किसी प्रकार का भ्रम फैलाने का प्रयास किया जाए तो उसका तथ्यों के साथ जवाब दें।
बैठक में प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन, विधायक अशोक रोहाणी, जिला अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, महापौर जगतबहादुर सिंह अन्नू, नगर निगम अध्यक्ष रिंकू विज, महामंत्री पंकज दुबे, रजनीश यादव सहित पार्षदगण, पार्षद प्रत्याशी एवं मंडल अध्यक्ष उपस्थित रहेे।

