भोपाल 21 नवंबर (आरएनएस)।नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अतिक्रमणों एवं अवैध निर्माणों को हटाने की कार्यवाही निरंतर जारी है। इसी तारतम्य में निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते के दलों ने सीएम हेल्प लाईन, कॉल सेंटर व अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों के निराकरण तथा निगम की नियमित कार्यवाही के तहत विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में अतिक्रमण कर लगाई गई कंबल, जैकेट, सब्जी, हेलमेट आदि की दुकानों के अलावा ठेले, गुमठी, पान पार्लर, काउंटर, बोर्ड हटाए साथ ही आवागमन में बाधक दो पहिया, चार पहिया वाहन हटाते हुए ठेले, चेन, जाली, टेबिल, कांटे, स्टैण्ड आदि को जप्त किया। निगम अमले ने अनेक क्षेत्रों में अवैध रूप से लगाई गई चिकन की दुकानों, अवैध रूप से बनें टपरे, चबूतरे आदि को भी हटाया।
निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते के दलों ने शुक्रवार को कोलार जेके हास्पिटल, डीमार्ट, चूना भट्टी, सर्वधर्म कालोनी, निर्मलादेवी गेट, सौम्या चौराहा, नारायण नगर, बावडिय़ा फाटक, होशंगाबाद रोड, दानिश चौराहा, भारतमाता चौराहा, भदभदा, जवाहर चौक, न्यू मार्केट बेतवा अपार्टमेंट, 10 नंबर स्टॉप, गवर्मेंट प्रेस, पर्यावास भवन, पुरानी जेल, पातरा पुल, इस्लामपुरा, नारियलखेड़ा, करोद चौराहा, विश्वकर्मा नगर, गांधी नगर बस स्टैण्ड, अब्बास नगर, हमीदिया रोड, रेल्वे स्टेशन प्लेटफार्म नं.06, रायसेन रोड, अप्सरा टॉकीज, प्रभात चौराहा, अशोका गार्डन, पुष्पा नगर, चांदबड़ आदि क्षेत्रों में अतिक्रमणों के विरूद्ध कार्यवाही करते हुए सर्वधर्म कालोनी क्षेत्र में फुटपाथ पर अतिक्रमण कर लगाई गई कंबल की दुकानें, हमीदिया रोड फुटपाथ से जूते की दुकानें सहित अन्य स्थानों से बड़ी संख्या में ठेले, गुमठी आदि को हटवाया। निगम अमले ने गांधी नगर अब्बास नगर रोड पर अवैध रूप से संचालित 01 चिकन की दुकान, बावडिय़ा फाटक के पास से 01 अवैध रूप से निर्मित टपरा तथा विश्वकर्मा नगर में अवैध रूप से बना 01 चबूतरा तोडऩे की कार्यवाही की। निगम अमले ने नारियलखेड़ा रोड से आवागमन में बाधक 02 चार पहिया वाहन तथा नारायण नगर रोड से 05 चार पहिया वाहन हटवाने की कार्यवाही की। उपरोक्त कार्यवाही के दौरान निगम अमले ने 04 ठेले, 04 टेबिल, 02 मुर्गा जाली, 02 इलेक्ट्रिक कांटे, 02 लोहे की चेन, 01 स्टैण्ड सहित अन्य प्रकार का सामान जप्त किया।

