लखनऊ,22 नवंबर (आरएनएस)। शहर में पालतू कुत्तों के लाइसेंस संबंधी नियमों के पालन को लेकर नगर निगम लखनऊ ने अब पूरी दृढ़ता के साथ कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी क्रम में शनिवार तड़के जोन-7 अंतर्गत इंदिरानगर और आसपास के क्षेत्रों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई सुबह 6:30 बजे नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर पशु कल्याण विभाग की टीम ने प्रारंभ की। अभियान में प्रवर्तन दल, डॉग कैचिंग स्क्वाड और निगम के कर्मचारी अभिनव भारती, फुरकान, शिवेक, रामकुमार तथा उपाध्याय मौजूद रहे।अभियान के दौरान कई स्थानों पर बिना लाइसेंस पालतू कुत्ते रखने के मामले सामने आए। चार व्यक्तियों से कुल 20,000 रुपये जुर्माना वसूला गया। वहीं मौके पर ही दो नए लाइसेंस जारी किए गए। दो कुत्तों के लिए आवेदन इसलिए स्वीकार नहीं किया गया क्योंकि उनका एंटी-रेबीज टीकाकरण अद्यतन नहीं था। कार्रवाई के दौरान एक देशी कुत्ते को अस्थायी रूप से जब्त कर लिया गया, जिसे आवश्यक जुर्माना अदा करने के बाद छोड़ा गया। कुल 21,200 रुपये की राशि नगर निगम कोष में जमा हुई। अभियान में यह भी सामने आया कि कई जिम्मेदार पालतू मालिकों ने अपने कुत्तों का लाइसेंस और वैक्सीनेशन समय पर कराया हुआ था।नगर निगम के मुताबिक लखनऊ में करीब 10,000 पालतू कुत्ते पंजीकृत अथवा अपंजीकृत रूप में रह रहे हैं। निगम का उद्देश्य इस संख्या का व्यवस्थित प्रबंधन करते हुए शहर की सुरक्षा, स्वच्छता और सार्वजनिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाना है। यही कारण है कि निगम लगातार अभियान चलाकर पालतू कुत्ता मालिकों को नियमों के प्रति जागरूक कर रहा है।कुत्तों के लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया सरल है। यह केवल रैबीज टीकाकरण प्रमाण पत्र और श्वान नियंत्रण उपविधि 2003 के अंतर्गत निर्धारित शपथ पत्र के आधार पर बनता है। इच्छुक व्यक्ति नगर निगम की वेबसाइट द्यद्वष्.ह्वश्च.ठ्ठद्बष्.द्बठ्ठ पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं या पशु कल्याण अधिकारी कार्यालय, लालबाग में भी प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। लाइसेंस बनवाने में नागरिकों की सुविधा को देखते हुए शहर के कई क्लिनिक और पशु चिकित्सालयों को भी अधिकृत किया गया है, जहां सीधे लाइसेंस जारी किए जा रहे हैं।पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अभिनव वर्मा ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों में कानूनी लाइसेंस और रैबीज जैसे खतरनाक संक्रमण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने पालतू कुत्ता मालिकों से अपील की कि वे अनिवार्य रूप से अपने कुत्तों का लाइसेंस बनवाएं, समय पर रैबीज टीकाकरण करवाएं तथा कुत्तों को टहलाते समय मजबूत लीश का प्रयोग करें। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक सुरक्षा और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए ऐसे अभियान आगे भी समय-समय पर चलाए जाते रहेंगे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

