लखनऊ,22 नवंबर (आरएनएस)। नगराम थाना क्षेत्र के वजगिहा गांव में शुक्रवार की देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक युवक ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। गाँव में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब आधी रात के सन्नाटे में अचानक रोने-बिलखने की आवाजें सुनाई देने लगीं।घटना की जानकारी देने वाले रामजीत पुत्र अवधराम, निवासी वजगिहा, ने बताया कि 22 नवंबर की रात करीब 1 बजे उन्होंने अपने चचेरे भाई अजय उर्फ मंजनू के घर से जोर-जोर से रोने की आवाज सुनी। आवाज सुनते ही वे और मोहल्ले के अन्य लोग घबराकर घर की ओर दौड़े। अंदर पहुंचने पर देखा कि अजय घर की छत पर लगे लोहे के कड़े से साड़ी का फंदा बनाकर लटका हुआ था। परिजन उसे देखकर बदहवास हालत में चिल्ला रहे थे।घटना की सूचना मिलते ही नगराम थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। वहां पहले से मौजूद परिजनों और ग्रामीणों की मदद से पूरे मामले का निरीक्षण किया गया। पुलिस ने आवश्यक औपचारिकताओं के तहत पंचायतनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया।नगराम पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस टीम ने बताया कि परिजनों के बयान लिए जा रहे हैं और घटना से संबंधित तथ्यों की बारीकी से जांच की जा रही है।गांव में इस घटना को लेकर शोक की स्थिति है, वहीं परिजन गहरे सदमे में हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि पूरे मामले की जांच गंभीरता से की जाएगी और आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

