लखनऊ,22 नवंबर (आरएनएस)। महानगर क्षेत्र में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब नेशनल मेडिकल क्लीनिक के सामने बने बरामदे में रोजाना सोने वाली एक वृद्ध महिला मृत अवस्था में पाई गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची।मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ और महिला के पास मिले दस्तावेजों की जांच के दौरान पता चला कि मृतका का नाम राम दुलारी, उम्र लगभग 64 वर्ष, पत्नी राम, निवासी कटरा इकौना, जनपद श्रावस्ती है। उसके पास से वोटर आईडी और बैंक पासबुक की फोटो कॉपी भी मिली, जिसके आधार पर उसकी पहचान की पुष्टि की गई।
स्थानीय लोगों ने बताया कि यह महिला पिछले काफी समय से लखनऊ में भिक्षा मांगकर जीवन-यापन कर रही थी और रात में अक्सर इसी मेडिकल स्टोर के सामने बने बरामदे में सोती थी। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मृतका के शरीर पर कोई बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं, जिससे आशंका है कि मौत स्वाभाविक कारणों से हुई हो सकती है।महिला के पास मिले मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर पवन सोनी, पुत्र सालिक राम सोनी, निवासी कटरा, जनपद श्रावस्ती ने पुष्टि की कि मृतका उसकी नानी है। परिजनों को सूचना दे दी गई है और वे लखनऊ के लिए रवाना हो चुके हैं।नगर पुलिस ने बताया कि मौके पर पंचनामा की कार्यवाही पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। मामले में अन्य आवश्यक कानूनी कार्यवाही की जा रही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

