विकासनगर,22 नवंबर (आरएनएस)। विकासनगर क्षेत्र में आज से आगामी तीस नवंबर तक लोगों को सात घंटे बिजली कटौती का सामना करना पड़ेगा। ऊर्जा निगम इस दौरान विभिन्न फीडरों में बेयर कंडक्टर से एएएसी कंडक्टर में बदलने का काम करेगा। इस दौरान सुबह दस बजे से शाम पांच बजे तक बिजली कटौती गुल रहेगी। ऊर्जा निगम ने उपभोक्ताओं को इस अवधि के दौरान वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। सात घंटे बिजली गुल रहने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता अमित सक्सेना ने बताया कि शनिवार से विभाग 11 केवि फीडरों में बेयर कंडक्टर से एएएसी कंडक्टर में बदलने का काम करेगा। जिसके चलते संबंधित फीडरों में सुबह दस बजे से पांच बजे तक आंशिक या पूर्णरूप से बिजली कटौती रहेगी। बताया कि शनिवार को नगर पालिका फीडर और एनफील्ड फीडर में काम किया गया। जिससे बुलाकीवाला, दिनकर बिहार, कोठियाल रोड,भोजावाला, बदामावाला, पश्चिमीवाला,, अस्पताल रोड, कोतवाली रोड में बिजली गुल रही। इसके बाद 23 नवंबर को कटापत्थर, डाकपत्थर, शिवपुरी, जमुना खादर फीडर, 24 नवंबर को दोबारा एनफील्ड फीडर, 25 नवंबर को कटापत्थर, डाकपत्थर, शिवपुरी जमुना खादर फीडर, 26 नवंबर को एनफील्ड फीडर, 27 नवंबर को कटापत्थर, डाकपत्थर, शिवपुरी, जमुनाखादर फीडर, 28 नवंबर को एनफील्ड फीडर, 29 नवंबर को नगर पालिका फीडर और तीस नवंबर को एनफील्डर और नगर पालिका फीडर पर कार्य किया जाएगा। कहा कि उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वह इस दौरान अपना वैकल्पिक व्यवस्था कर लें। जिससे परेशानी का सामना न करना पड़े। उधर, सात घंटे बिजली कटौती से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। लोगों को पानी के साथ ही ठंड से भी जूझना पड़ेगा। खासकर बुजुर्गों और बच्चों को परेशानी झेलनी पड़ेगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

