विकासनगर,22 नवंबर (आरएनएस)। 29 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां किराये पर लेकर फरार आरजू कंस्ट्रक्शन कंपनी के मालिक और मैनेजर समेत पांच लोगों पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि कंपनी मालिकों ने ट्रैक्टरों को कंस्ट्रक्शन साइट पर ले जाने के बजाय उन्हें बेच दिया। मामले में कुछ ट्रैक्टर मालिकों को एक बार और कुछ को दो बार किराये का भुगतान करने की बात सामने आ रही है। सेलाकुई थाना क्षेत्र के कैंचीवाला के अब्दुलवाला निवासी ट्रैक्टर स्वामी गुलजार समेत अन्य लोग गुरुवार को कोतवाली पहुंचे और खुद के साथ हुई धोखाधड़ी की तहरीर दी। पुलिस को दी तहरीर में उन्होंने पुलिस को बताया कि कुछ समय पूर्व ढकरानी में आरजू कंस्ट्रक्शन कंपनी का कार्यालय खुला था। उन्होंने निर्माण कंपनी के ठेकेदार को 45 हजार रुपये के मासिक किराये पर अपना ट्रैक्टर और ट्रॉली दी थी। पहले माह के किराये के तौर पर उन्हें 25 हजार रुपये का नकद और 20 हजार रुपये का ऑनलाइन भुगतान किया गया था। माह के एग्रीमेंट पर ट्रैक्टर-ट्रॉली किराये पर दी थी। कंपनी तथा उक्त लोगों ने उनके और कुछ अन्य लोगों के साथ धोखाधड़ी कर ट्रैक्टर-ट्रॉलियां किसी कंस्ट्रक्शन साइट पर चलाने के बजाय अलग-अलग जगहों पर बेच दी और गिरवी रख दी हैं। उन्हें पता चला कि आरोपी देहरादून में फर्जी कागजात और फर्जी कंपनी बनाकर धोखाधड़ी करने आए थे। उन्होंने करीब पचास से अधिक लोगों के साथ इस प्रकार की धोखाधड़ी की है। कोतवाल विनोद गुसांई ने बताया कि जांच के बाद कंपनी के मालिक मोमिना पत्नी अरशद अली, निवासी ज्वालापुर हरिद्वार, सहयोगी अरशद अली निवासी आलमपुर लखनोती सहारनपुर, कंपनी मैनेजर ललित निवासी ठोला बहलोलपुर नानौता सहारनपुर, कुंवर पाल पुत्र साधूराम, निवासी टिकोला कला, लखनोता हरिद्वार एवं हसीन राणा पुत्र कलीम उर्फ टीटू, निवासी- शीशमबाड़ा सिंघनीवाला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

