विकासनगर,22 नवंबर (आरएनएस)। जौनसार बावर के खत सिलीगोथान के दातनू गांव में शादी समारोह में अनावश्यक खर्च पर रोक लगा दी गई है। इसके तहत शादी में रस्वाड़ भोज, बीयर, चांदी का सिक्का देने समेत अन्य चीजों पर प्रतिबंध रहेगा। शनिवार को गांव में हुई ग्रामीणों की बैठक में यह निर्णय लिया गया। यह निर्णय अगले साल एक जनवरी लागू होगा। खत सिलीगोथान के दातनू गांव में स्याणा कृपाल सिंह चौहान की अध्यक्षता में बैठक हुई। जिसमें सर्वसम्मति से शादी में फालू खर्चों पर रोक लगाई गई। इसके तहत शादी समारोह में बीयर नहीं परोसी जाएगी। साथ ही रस्वाड़ भोज को भी समाप्त कर दिया गया है। विवाहित महिलाओं को (रटुडिय़ों) को मामा पक्ष की ओर से टीका नहीं दिया जाएगा। घर की बेटी (ध्याणटुडिय़ां) की तरफ से भी बकरा नहीं दिया जाएगा। रटुडिय़ों को केवल 101 रुपये का टीका किया जाएगा। चांदी का सिक्का नहीं दिया जाएगा। बड़े भांजे की शादी में मामा पक्ष की तरफ से दिया जाने वाला भात (मौखी का भारा) के रूप में एक बकरा, एक कट्टा चावल, एक कट्टा आटा, पांच किलो सूजी, पांच किलो चीनी ही दी जाएगी। बैठक में धन सिंह चौहान, अर्जुन सिंह चौहान,केशर सिंह चौहान (सदस्य क्षेत्र पंचायत सिलीगोथान) गुड्डू चौहान, महेंद्र सिंह, कलम सिंह चौहान, प्रदीप चौहान, विरेंद्र सिंह चौहान, जालम सिंह, विक्रम सिंह, खजान सिंह चौहान, गुलाब सिंह आदि उपस्थित रहे। बतादें कि जौनसार बाबर में समानता का भाव रखने के लिए अलग-अलग गांव में अनावश्यक खर्चों को कम करने का प्रयास किया जा रहा है। कंधाड, खारसी के अलावा खत शैली के 25 गांवों में भी कुछ इस प्रकार के नियम लागू किए गए थे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

