भोपाल,22 नवंबर (आरएनएस)। राजधानी भोपाल में शनिवार को संविदा कर्मचारियों का बड़ा प्रदर्शन हुआ। नियमितिकरण समेत 9 मांगों को लेकर वे सड़क पर उतरे। लिंक रोड नंबर-2 स्थित अंबेडकर पार्क में धरना दिया। उन्होंने कहा कि धरने के बावजूद यदि सरकार मांगें नहीं मानती है तो आने वाले दिनों में राजधानी में आर-पार की लड़ाई लड़ेंगे।
मप्र संविदा संयुक्?त संघर्ष मंच के बैनर तले प्रदर्शन हुआ। 9 सूत्रीय मांगों में नियमितिकरण, वेतन विसंगति दूर करने, समान काम-समान वेतन, पेंशन सुविधा और सेवा सुरक्षा जैसे मुद्दे भी शामिल हैं। मंच के प्रदेश संयोजक दिनेश सिंह तोमर ने कहा, लंबे समय से मांगें उठा रहे हैं, लेकिन सरकार ने अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया। इस वजह से मजबूरन कर्मचारियों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है।
मंच पर प्रदेश संयोजक तोमर, महामंत्री डीके उपाध्याय समेत सजल भार्गव, भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश महामंत्री कुलदीप सिंह, गुलाब सिंह अहिरवार, अमर सिंह जाटव, अभय वाजपेयी, वीरेंद्र सिंह धाकड़ आदि भी मौजूद थे। अतिथियों ने मांगों को लेकर सरकार को आड़े हाथों लिया। कहा कि प्रदेश में करीब ढाई लाख संविदाकर्मी हैं, जो नियमित होने की मांग कर रहे हैं। सरकार को जल्दी ही मांगें पूरी करना चाहिए।
प्रदेश अध्यक्ष तोमर ने कहा कि वर्ष 2023 की संविदा नीति का अक्षरश: पालन नहीं हुआ है। इसके विरोध में संविदा कर्मचारी लामबंद है। संविदा कर्मचारियों को सरकार महंगाई भत्ता भी नहीं दे रही है। मंहगाई के नाम पर उपभोक्ता सूचकांक ही दिया जा रहा है। प्रदेश सह संयोजक भार्गव ने कहा कि यह लड़ाई हमारे हक, सम्मान व सुरक्षा की है। जिसे हम हर स्तर पर शासन के समक्ष रख रहे हैं।

