भोपाल,22 नवंबर (आरएनएस)।राजधानी भोपाल में एक हवलदार ने युवक को लात-घूंसों से पीटा। घटना बागसेवनिया थाना इलाके की है। हवलदार स्कूटर में तत्काल काम कराने की बात पर अड़ा था। महज ढाई सौ रुपए का गाड़ी में काम होना था, लेकिन वह पैसा नहीं देना चाहता था। उसने कर्मचारियों से स्कूटर में इंश्योरेंस से काम कराने की बात कही थी। घटना शनिवार शाम की है। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है। जिसमें पुलिसकर्मी युवक को लात मारकर गिराते और झूमाझटकी करते दिख रहा है। बताया जा रहा है कि मारपीट करने वाला पुलिसकर्मी बैरागढ़ में पदस्थ है और उसका नाम राम अवतार धाकड़ है।
पीडि़त युवक ने बताया कि वो नारायण नगर में सर्विस सेंटर में सर्विस एडवाइजर है। शनिवार शाम को एक पुलिसकर्मी आया और अपना नाम राम अवतार धाकड़ थाना बैरागढ़ में पदस्थ बताया। उनकी स्कूटर का ब्रेक लिवर खराब हो गया था जिसे तुरंत सुधारने की उन्होंने बात कही। इस पर लिवर के पैसे 250 रुपये चुकाने के लिए कहा तो पुलिसकर्मी ने पैसे देने से इंकार करते हुए इंश्योरेंस से काम करने के लिए कहा। जिसके जवाब में उसने पुलिसकर्मी से कहा कि अगर इंश्योरेंस में काम कराना है तो गाड़ी छोड़कर जानी होगी और क्लेम सेटल होने में करीब एक हफ्ते का वक्त लग सकता है।
पीडि़त सचिन के मुताबिक एक हफ्ते तक गाड़ी छोडऩे के लिए पुलिसकर्मी तैयार नहीं था और तुरंत लिवर चेंज करने की बात कह रहा था। जब उसने उनसे कहा कि यही प्रकिया है और इसका पालन करना होगा तो पुलिसकर्मी भड़क गया और गालियां देने लगा। गाली देने से मना करने पर सर्विस सेंटर के बाहर ले जाकर मारपीट की। बीच बचाव करने जब साथी आया तो उसके साथ भी मारपीट की। इस दौरान शोरूम के कर्मचारियों ने 112 पर कॉल भी किया पुलिस आई भी लेकिन उनके सामने भी पुलिसकर्मी मारपीट करता रहा। जो वीडियो सामने आया है उसमें पांच और पुलिसकर्मी मौजूद थे। किसी ने भी युवक को बचाने का प्रयास नहीं किया।

