विकासनगर,23 नवंबर (आरएनएस)। सहसपुर के रामपुर में रविवार को रुद्रसेना की बैठक में पछुवादून क्षेत्र में बढ़ रही नशे की प्रवृत्ति पर चिंता जाहिर करते हुए समाज को इस अभिशाप से मुक्त करने पर मंथन किया गया। सहसपुर विधायक सहदेव पुंडीर ने कहा कि समाज में नशा बढ़ता जा रहा है। नशे को जितनी जल्दी हो सके समाप्त करना चाहिए। इसके लिए समाज को भी खुद प्रयास करने होंगे। उन्होंने कहा कि पुलिस को नशा तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। रुद्र सेना के संस्थापक राकेश तोमर उत्तराखंडी ने कहा कि बढ़ते अपराध को देखते हुए नशा तस्करों पर रोक लगे, गोकशी पर रोक लगे तथा मठ मंदिरों की रक्षा हो, जिससे हिंदू समाज खुद को सुरक्षित महसूस करे। इसके लिए समय-समय पर क्षेत्र में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि नदी नालों के किनारे जिस तरीके से कूड़े के ढेर लगाए गए हैं प्रशासन को संबंधित ग्राम प्रधान के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज करना। गोकशी करने वालों पर मुकदमा दर्ज किया जाए। खुलेआम एनजीटी के नियमों की धज्जियां उड़ाकर पवित्र नदियों के किनारे इस तरीके का गलत कृत्य किया जा रहा है इसके लिए स्थानीय प्रशासन भी जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह के भीतर यदि पूरी नदी साफ नहीं हुई और गलत कृत्य बंद नहीं हुए तो डीएम कार्यालय में धरना दिया जाएगा। इस दौरान रुद्र सेना के सहसपुर अध्यक्ष श्याम सिंह, संरक्षक जसमीत सिंह, गुरमीत सिंह, संजय सिंह, दीपक ठाकुर, शंभू चोपड़ा, गौरव पाल, रणजीत सिंह, पुष्पेंद्र, भूपेंद्र आदि मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

