रुदावल ,27 नवंबर(आरएनएस)। रुदावल थाना क्षेत्र के गांव नगला खटका के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो दोस्तों की मौत हो गई। गश्त के दौरान पुलिस को दोनों के शव सड़क पर पड़े हुए मिले थे। पुलिस को बाइक के नंबर से दोनों की पहचान हो सकी। बाइक को टक्कर मारने वाले वाहन का कुछ पता नहीं लग पाया है। मृतक दोनों दोस्त देर रात को भरतपुर से अपने घर जा रहे थे। मृतक बयाना सदर थाना क्षेत्र के गांव नगला फागना निवासी राजकुमार (22) एवं रॉकी (23) है। रुदावल थाना क्षेत्र की खेडिय़ा मोड़ चौकी प्रभारी घनश्याम पोसवाल ने बताया कि घटना रात 11 से 12 बजे की है। गश्त के दौरान दो लोगों के शव नगला खटका गांव के पास पड़े मिले थे। शवों के पास एक बाइक भी पड़ी थी। बाइक के नंबर के आधार पर दोनों शवों की शिनाख्त हुई। तब परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई। गुरुवार सुबह दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। चौकी प्रभारी घनश्याम पोसवाल ने बताया कि पूछताछ में यह सामने आया है कि राजकुमार (22) निवासी नगला फागना थाना बयाना सदर गुजरात में ठेकेदारी का काम करता है। वह बुधवार को अपने दोस्त रॉकी (23) के साथ भरतपुर मजदूरों से बात करने के लिए गया था। रात करीब 11 से बजे दोनों दोस्त अपने घर जा रहे थे। रास्ते में नगला खटका के पास अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश की जा रही है।
00
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

