मेरठ 28 नवंबर (आरएनएस)। मध्य प्रदेश के पूर्व आईएएस अधिकारी संतोष वर्मा द्वारा ब्राह्मण समाज की बेटियों को लेकर दिया गया विवादित बयान तूल पकड़ गया है। शुक्रवार को परशुराम स्वाभिमान सेना के बैनर तले ब्राह्मण समाज के दर्जनों नागरिकों ने एसएसपी ऑफिस पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। जिसमें संतोष वर्मा के खिलाफ रासुका के तहत कार्यवाही किए जाने की मांग उठाई।
पल्लवपुरम निवासी परशुराम स्वाभिमान सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित अजय भारद्वाज भराला के साथ ब्राह्मण समाज के दर्जनों नागरिक शुक्रवार को एसएसपी ऑफिस पहुंचे। अजय भारद्वाज ने आरोप लगाया कि मध्य प्रदेश के पूर्व आईएएस अधिकारी संतोष वर्मा ने कुछ दिनों पहले सार्वजनिक रूप से एक बयान दिया। जिसमें ब्राह्मणों की बेटियों की शादी दलित समाज के युवकों से न होने और उनके द्वारा संबंध न बनाए जाने तक आरक्षण जारी रखने की बात कही गई थी।
अजय भारद्वाज ने इस बयान को पूरे ब्राह्मण समाज का अपमान बताते हुए संतोष वर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और रासुका के तहत कार्यवाही किए जाने की मांग की। अजय भारद्वाज ने बताया कि उन्होंने इस मामले में संतोष वर्मा के खिलाफ पल्लवपुरम थाने में तहरीर दी है। यदि इस पर कार्यवाही नहीं हुई तो दिल्ली से लेकर मध्य प्रदेश तक ब्राह्मण समाज बड़ा आंदोलन चलाएगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

