मेरठ 28 नवंबर (आरएनएस)। टीपी नगर थाना क्षेत्र के पूठा गांव स्थित हिंदुस्तान पैट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड डिपो के स्टाफ पर उत्पीडऩ और मनमानी का आरोप लगाते हुए ट्रांसपोर्टरों और ड्राईवरों ने मोर्चा खोल दिया है। पिछले दो दिन से डिपो के ट्रांसपोर्टर और ड्राइवर हड़ताल पर हैं। शुक्रवार को भी इस मुद्दे को लेकर डिपो पर जमकर हंगामा हुआ।
ट्रांसपोर्टर दीपक चौधरी ने बताया कि उनके टैंकर हिंदुस्तान पेट्रोलियम डिपो में लगे हुए हैं। आरोप है कि डिपो का स्टाफ रात 11:00 के बाद गाड़ी को अंदर ही रोक लेता है। सुबह को जब पेट्रोल पंप पर गाड़ी पहुंचती है तो पेट्रोल पंप संचालक पेट्रोल चोरी का आरोप लगाकर ड्राइवर को परेशान करते हैं। वहीं, जिस गाड़ी में पेट्रोल या डीजल कम होता है, उसकी कमी डिपो का स्टाफ एथेनॉल भरकर पूरा करता है।
इसके बाद पेट्रोल पंप संचालक तेल में मिलावट का आरोप लगाते हुए ड्राइवर पर तेल चोरी का आरोप लगाते हैं। इतना ही नहीं कंपनी द्वारा गाडिय़ों में स्टेना कंपनी के ताले लगाए गए हैं, जो तकनीकी खराबी के कारण आए-दिन खराब हो जाते हैं। मगर इन गाडिय़ों का लॉक बदलवाने की जगह इन्हें डिपो में प्रतिबंधित कर दिया जाता है। जिसके चलते ट्रांसपोर्टरों का नुकसान होता है।
इन तमाम मुद्दों की शिकायत के बावजूद डिपो के प्रबंधक कोई सुनवाई नहीं कर रहे। जिसके चलते ट्रांसपोर्टरों और ड्राइवरों ने पिछले दो दिन से डिपो से तेल उठाना बंद कर दिया है। ट्रांसपोर्टर ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं निकलेगा, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

