आजमगढ़ 30 नवंबर (आर एन एस)मुबारकपुर थाना क्षेत्र के ग्राम चकतगे में आंगनबाड़ी केंद्र के निर्माण को लेकर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। सरकारी योजना के तहत राजस्व विभाग द्वारा चिन्हित भूमि पर निर्माण कार्य शुरू होने पर दो पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया। आरोप है कि निर्माण रोकने की कोशिश में एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर लाठी, डंडे, रॉड और ईंटों से हमला कर दिया, जिसमें चार से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।मुबारकपुर थाने में दी गई तहरीर में जितेंद्र राम पुत्र हृदय राम ने बताया कि वह सरकारी योजना के तहत आंगनबाड़ी केंद्र का निर्माण करा रहे थे। उनके अनुसार, विपक्षी प्रवीण कुमार पुत्र हरदेव, उसका पुत्र अंशु, पत्नी रेखा, सरिता पत्नी संतोष, लालबिहारी पुत्र फेकू और प्रियंका पुत्री संतोष लगातार निर्माण में बाधा डाल रहे थे।तहरीर के मुताबिक, 29 नवंबर को विपक्षियों ने निर्माणाधीन भवन में ताला लगा दिया और सामने की जमीन पर पुआल पोरकर कब्जे की कोशिश की। जब पीडि़त पक्ष ने इसका विरोध किया तो उन पर अचानक हमला कर दिया गया। हमले में जितेंद्र के भाई गोरख कुमार को सिर पर गंभीर चोट लगने से बेहोशी की हालत में अस्पताल ले जाना पड़ा। पिता हृदय राम के पैर और सीने में गहरी चोटें आईं, जबकि हृदय पुत्र निर्मल, सिमिरती पत्नी निर्मल और रंजना पुत्री भूखन भी घायल हो गए।
घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीडि़त पक्ष ने सभी छह नामजद आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

