परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
बीरभूम 14 दिसंबर (आरएनएस)। जिले शांतिनिकेतन स्थित कंकालीतला इलाके में आज सुबह तब सनसनी फैल गई जब यहां तृणमूल के एक स्थानीय नेता मदन लोहार (50) की लाश रहस्यमय हालात में खेत से मिली। पुलिस, पार्टी सूत्रों व स्थानीय लोगों के अनुसार, कंकालीतला ग्राम पंचायत के धलटिकुड़ी गांव में पूर्व तृणमूल बूथ अध्यक्ष मदन लोहार की रहस्यमय मौत को लेकर स्थिति तनावपूर्ण हो गई है। जबकि, मृतक के परिवार ने हत्या का आरोप लगाया है। मदन लोहार शनिवार शाम से लापता थे। आज उनकी लाश खेत से मिली। सूचना मिलने के बाद शांतिनिकेतन थाने की पुलिस मौके पर गई। इसके पीछे कौन या क्या था? पुलिस ने पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। उक्त नेता की की लाश आज सुबह धलटिकुड़ी इलाके के एक मैदान में पड़ी देख कर स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। खबर मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। हालांकि, स्थानीय लोगों के विरोध के कारण कई घंटों तक शव को पुलिस अपने कब्जे में नहीं ले सकी थी। आज सुबह स्थानीय लोगों ने देखा कि धलटिकुड़ी के एक मैदान में मदन का शव पड़ा हुआ है। उनके कान से खून बह रहा था। हालांकि, स्थानीय लोगों का दावा है कि शरीर के अन्य हिस्सों पर किसी चोट का निशान नहीं है। परिवार और इलाके के लोगों का आरोप है कि मदन की योजनाबद्ध तरीके से हत्या की गई है।
खबर मिलने पर शांतिनिकेतन थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। लेकिन जब पुलिश शव को उठाने लगी तो इलाके के लोगों और मृतक के परिवार ने इसमें बाधा डाली। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक मौत की सही और निष्पक्ष जांच का आश्वासन नहीं मिलता, तब तक शव को नहीं हटाया जा सकता। उन्होंने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की भी मांग की है। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस की ओर से बताया गया है कि मौत के वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम सहित सभी पहलुओं की जांच की जाएगी। हालांकि, स्थानीय लोगों के विरोध के कारण खबर लिखे जाने तक शव को बरामद नहीं किया जा सका था।


















