लुधियाना 21 Dec, (Rns)- पंजाब के लुधियाना में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। जीटीबी नगर, मुंडियां इलाके में एक बदमाश ने दिनदहाड़े घर के बाहर बैठी महिला पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। महिला अपनी बेटी के साथ बैठी थी। हमले में बेटी किसी तरह बच निकली, लेकिन महिला के सिर में गोली लगने से उसकी मौत हो गई।
गोली की आवाज सुनते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पड़ोसियों ने तुरंत घायल महिला को सिविल अस्पताल लुधियाना पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान पूनम पांडे के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है और बेटी गहरे सदमे में है। परिजनों का कहना है कि उनकी किसी से कोई पुरानी रंजिश नहीं है।
काली जैकेट और टोपी में आया हमलावर
पीड़िता की बेटी के अनुसार, हमलावर काली जैकेट और टोपी पहने हुए था। उसने पहले बेटी पर गोली चलाई, लेकिन वह एक तरफ हट गई और बच गई। इसके बाद बदमाश ने महिला के सिर के पीछे गोली मारी, जिससे वह वहीं लहूलुहान होकर गिर पड़ी। वारदात के तुरंत बाद आरोपी फरार हो गया।
पड़ोसियों ने दिखाई तत्परता, लेकिन नहीं बची जान
पड़ोसी हरविंदर ने बताया कि गोली चलने की सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे। महिला को गंभीर हालत में देखकर उन्होंने अपनी गाड़ी से तुरंत अस्पताल पहुंचाया और पूरी कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। पड़ोसियों के मुताबिक, हमलावर बाइक पर आए थे और संभव है कि एक से अधिक आरोपी शामिल हों। यह भी जानकारी सामने आई है कि गोली चलाने वाला घर के अंदर तक गया था। अस्पताल पहुंचाने के बाद पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की तलाश जारी है। दिनदहाड़े हुई इस हत्या ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

