रुद्रपुर,08 जनवरी (आरएनएस)। विधायक भुवन कापड़ी ने प्रदेश में चल रहे ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा के लिए विधानसभा का विशेष सत्र बुलाए जाने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। विधायक ने ज्ञापन में कहा कि वर्तमान में उत्तराखंड अनेक गंभीर एवं जनहित से जुड़े ज्वलंत मुद्दों से गुजर रहा है। जिस पर राज्य की जनता में गहरी चिंता एवं असंतोष व्याप्त है। इन विषयों पर गंभीर चर्चा एवं ठोस निर्णय लिया जाना समय की मांग है। कापड़ी ने कहा कि प्रदेश की जनता आज भी अंकिता भंडारी हत्याकांड में निष्पक्ष एवं स्वतंत्र न्याय की प्रतीक्षा कर रही है। इस जघन्य अपराध की जांच प्रक्रिया को लेकर लगातार गंभीर प्रश्न उठते रहे हैं, जिससे जनविश्वास प्रभावित हुआ है। इस प्रकरण में सीबीआई से जांच कराए जाने तथा उच्च न्यायालय के पदासीन न्यायाधीश की निगरानी में संपूर्ण जांच एवं न्यायिक प्रक्रिया संपन्न कराए जाने की मांग जनमानस द्वारा की जा रही है, ताकि किसी भी स्तर पर पक्षपात, दबाव अथवा साक्ष्य प्रभावित होने की कोई संभावना न रहे। कापड़ी ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। हत्या, बलात्कार, चोरी, नशे का कारोबार, अवैध खनन एवं अन्य आपराधिक घटनाओं में वृद्धि ने आम लोगों में भय और असुरक्षा का वातावरण उत्पन्न कर दिया है, जो राज्य के लिए चिंताजनक है। विधायक कापड़ी ने ज्वलंत मुद्दों पर गंभीर विमर्श, जवाबदेही एवं ठोस निर्णय सुनिश्चित करने के लिए उत्तराखंड विधानसभा का विशेष सत्र आहूत करने की मांग की है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

