रुद्रपुर,08 जनवरी (आरएनएस)। सरदार भगत सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में स्थापित इग्नू अध्ययन केंद्र में सत्र 2026 से कई नए पाठ्यक्रमों की शुरुआत की गई है। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विवि (इग्नू) नई दिल्ली द्वारा स्नातकोत्तर स्तर पर एमकॉम, एमए राजनीति विज्ञान, एमए अंग्रेजी, एमए शिक्षाशास्त्र तथा उपभोक्ता संरक्षण में प्रमाण पत्र और अंतरराष्ट्रीय व्यवसाय प्रचालन में पीजी डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। अध्ययन केंद्र के समन्वयक एवं प्रभारी डॉ. चंद्रपाल ने बताया कि इच्छुक विद्यार्थी इग्नू की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश की अंतिम तिथि 31 जनवरी 2026 निर्धारित की गई है। उन्होंने बताया कि स्नातक स्तर पर बीए, बीकॉम, बीकॉम ऑनर्स और बीबीए तथा परास्नातक स्तर पर एमकॉम, शिक्षाशास्त्र, भूगोल, राजनीति शास्त्र, इतिहास, समाजशास्त्र, अंग्रेजी और हिंदी में भी प्रवेश जारी हैं। इसके अतिरिक्त उपभोक्ता संरक्षण एवं मानवाधिकार में प्रमाण पत्र तथा आपदा प्रबंधन, अंतर्राष्ट्रीय व्यवसाय प्रचालन, ग्रामीण विकास और महिला सशक्तिकरण जैसे विषयों में डिप्लोमा पाठ्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अवधेश नारायण सिंह ने कहा कि यूजीसी के नियमों के अनुसार विद्यार्थी नियमित शिक्षा के साथ-साथ दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से एक साथ दो डिग्री या डिप्लोमा पाठ्यक्रम भी कर सकते हैं। वाणिज्य विभाग प्रभारी प्रो. भारत सिंह राजपूत ने नए कोर्स शुरू होने को महाविद्यालय के लिए गौरव की बात बताया। यहां डॉ. इंदु शेखर ममगाईं, प्रो. अजय कुमार पालीवाल, डॉ. प्रदीप गंगवार, डॉ. अपर्णा सिंह, डॉ. शलभ गुप्ता, डॉ. अनिल सिंह, डॉ. मुन्नी जोशी, डॉ. कमला बोरा, प्रो. सर्वजीत सिंह, डॉ. रवीश त्रिपाठी, डॉ. आरती शर्मा, डॉ. पूनम रौतेला, डॉ. मनोज पांडे, डॉ. रूमा शाह, डॉ. दीप माला रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

