ऋषिकेश,08 जनवरी (आरएनएस)। शहर में नगर निगम की सीसी सड़कें बदहाल हैं। वर्षों से मरम्मत के अभाव में सड़कें जर्जर हो चुकी हैं, जिससे स्थानीय लोगों को इन सड़कों पर आवागमन जोखिम भरा हो गया है। शिकायत के बावजूद नगर निगम प्रशासन सड़कों की हालत को सुधारने के लिए तैयार नहीं है। स्थिति यह है कि प्रगति विहार में रेलवे रोड के एक सीसी संपर्क मार्ग पर महीनेभर पहले उखाड़ा गया, लेकिन अभीतक इसमें सीसी की नई परत नहीं बिछ सकी है। अनदेखी से इस मार्ग पर बसे लोगों को चलना मुश्किल हो गया। वाहन तो दूर पैदल गुजरने के दौरान भी उन्हें उखड़ी सड़क पर लखड़ाकर गिरने का डर बना हुआ है। ऐसे ही हालत नगर निगम के विभिन्न वार्डों में सीसी सड़कों के भी हैं। यहां सड़कें मरम्मत के लिए उखाड़ी, तो नहीं गई हैं, लेकिन बरसों से उनकी सुध भी निगम के अधिकारियों ने नहीं ली है। खास है कि इन सड़कों की संख्या एक-दो दर्जन नही, बल्कि सैंकड़ों में है, जिनमें ज्यादातर छोटी-छोटी गलियां भी शामिल हैं। मालूम हो कि, बीते साल नगर निगम प्रशासन ने अवस्थापना निधि से सिर्फ डामर की सड़कों की मरम्मत की, मगर सीसी सड़कों को लेकर अभीतक नगर क्षेत्र में कुछ भी होता नहीं दिखा है। परेशानी, स्थानीय लोगों की जुबानी स्थानीय निवासी राहुल अरोड़ा, जतिन नेगी, सुभाष गुप्ता, दीपक गोस्वामी, रमावती देवी, अनुराधा नेगी, सविता शर्मा ने बताया कि देहरादून रोड से यात्रा बस अड्डे को जाने वाली आधा दर्जन से ज्यादा सीसी सड़कें क्षतिग्रस्त हैं। इसी तरह से अन्य आंतरिक मार्गों की सीसी संपर्क सड़कें भी बदहाल स्थिति में है। नए वार्डों में सड़कों की हालत और ज्यादा खराब है। बताया कि क्षतिग्रस्त सड़कों की शिकायत नगर निगम से की गई है। बावजूद, कोई भी जर्जर सड़कों की सुध लेने के लिए राजी नहीं है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

