हरिद्वार,08 जनवरी (आरएनएस)। पथरी क्षेत्र के गांव बोडाहेड़ी में पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों में हुए खूनी संघर्ष में पुलिस ने एक पक्ष की तहरीर पर दूसरे पक्ष के चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, इस गांव में दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। बीते रविवार को किसी बात को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडे एवं ईंट-पत्थरों से हमला शुरू हो गया। इस घटना में दोनों ओर से लोग घायल हुए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लाठियां फटकारकर हालात काबू में किए। पुलिस को देखकर आरोपी मौके से फरार हो गए। बाद में मेडिकल कराने के बाद एक पक्ष के मेहरबान पुत्र नूरहसन ने तहरीर दी। इस आधार पर पुलिस ने दूसरे पक्ष के उस्मान पुत्र सुलेमान, कुर्बान पुत्र सत्तार, वाजिद और आजाद पुत्र यूनुस सभी निवासी बोडाहेड़ी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। थानाध्यक्ष मनोज नौटियाल ने बताया कि यह मामला पुरानी रंजिश का है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

