हरिद्वार,08 जनवरी (आरएनएस)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की जिला समिति की बैठक में 12 जनवरी यानी राष्ट्रीय युवा दिवस से 23 जनवरी यानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती तक होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। बीएचईएल सेक्टर-2 स्थित सरस्वती विद्या मंदिर में हुई इस बैठक में युवाओं को राष्ट्रनिर्माण से जोडऩे के साथ ही संगठनात्मक गतिविधियों की मजबूती और समाज में सकारात्मक संदेश देने पर जोर दिया गया। 12 जनवरी से संगोष्ठी, स्वच्छता अभियान, सेवा कार्य, खेलकूद, रक्तदान शिविर और सहभोज जैसे कार्यक्रम होंगे। इस दौरान एबीवीपी के 26वें प्रांत अधिवेशन में नए दायित्व पाने वालों को नवाजा गया। ईशा ने संचालन किया। जिला संयोजक सौरभ शर्मा और जिला प्रमुख राहुल सिंह ने संगठनात्मक दिशा पर मार्गदर्शन दिया। विभाग संगठन मंत्री मनीष राय ने कहा कि स्वामी विवेकानंद और नेताजी सुभाष चंद्र बोस के विचार व्यवहार में उतारने जरूरी हैं। इस बैठक में डॉ. राजीव, आर्यन नामदेव, नितिन चौहान, विशाल, मेघा, पायल प्रजापति, मोनिका, अभिजीत, कार्तिक कपासिया, सूर्या प्रताप राणा मौजूद रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

