बागेश्वर,09 जनवरी (आरएनएस)। ऐठाण नहर क्षतिग्रस्त होने से किसानों के खेत तक पानी नहीं पहुंच रहा है। इससे परेशान किसानों ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा है। जल्द ही समस्या का समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। नगर पंचायत पूर्व अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट के नेतृत्व में लोग शुक्रवार को सिंचाई विभाग कार्यालय में पहुंचे। यहां उन्होंने अपनी समस्याओं का ज्ञापन ईई को सौंपा। ज्ञापन में उनका कहना है कि ऐठाण नहर में पानी नहीं चलने से उनकी गेहूं की फसल सूखने के कगार पर पहुंच गई है। नहर कई जगह से टूटी हुई है। उसमें कई जगह मरम्मत कार्य की जरूरत है। विभाग ने यदि समय पर नहर की मरम्मत नहीं की तो किसान आंदोलन का बिगुल फूंक देंगे। इसकी सारी जिम्मेदारी विभाग की होगी। इस मौके पर दीपक ऐठानी, दिनेश सिंह, रोहित ऐठानी, हरीश ऐठानी, सुंदर ऐठानी और जगत सिंह बिष्ट आदि मौजूद रहे। इधर सिंचाई विभाग के एई जगत सिंह बिष्ट ने कहा कि पिछले बार पानी ऐठाण नहर में चला दिया था। इसबार लोनिवि ने अपनी रोड की खुदाई से हमारी नहर तोड़ दी है। पिछले छह महीने से चार बार लोकनिर्माण विभाग को पत्र दे दिया गया है। इसको ठीक करने के लिए शुक्रवार को दोनों विभाग द्वारा निरीक्षण किया है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

