लखनऊ 15 Jan, (आरएनएस )। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी और उसकी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा अन्याय और अधर्म के रास्ते पर चल रही है और उसकी सरकार पूरी तरह नाकाम साबित हुई है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने जनहित में कोई ठोस काम नहीं किया, बल्कि प्रदेश की पूरी व्यवस्था को बिगाड़ दिया है। स्वास्थ्य सेवाएं बर्बाद हो चुकी हैं, भ्रष्टाचार चरम पर है और किसान, नौजवान, महिलाएं सभी संकट में हैं। महंगाई और बेरोजगारी ने हर वर्ग की कमर तोड़ दी है।समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर गुरुवार को प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा नफरत की राजनीति करती है। जब भाजपा कमजोर होती है तो और अधिक साम्प्रदायिक हो जाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेता ‘आरोपजीवी’ हैं, जिनका काम सिर्फ समाजवादी पार्टी पर आरोप लगाना है। भाजपा एक पूंजीवादी पार्टी है, जो केवल पूंजीपतियों के मुनाफे के लिए काम करती है और उन्हें बैंकों से कर्ज दिलाने में लगी रहती है। उन्होंने कहा कि भाजपा झूठ बोलने वाली पार्टी है, जो झूठे वादे कर जनता को गुमराह करती है।अखिलेश यादव ने कहा कि सत्य का रास्ता ही धर्म का रास्ता होता है और न्याय के मार्ग पर चलकर ही सभी को सम्मान दिया जा सकता है। भाजपा सरकार अन्याय और अत्याचार कर रही है तथा आम लोगों को अपमानित कर रही है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में जैसे ही विधानसभा चुनाव की घोषणा होगी, वैसे ही बुलडोजर का पता नहीं चलेगा। यूपी की जनता 2027 में भाजपा को डिटेंशन सेंटर में भेजने का काम करेगी।पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी सकारात्मक राजनीति करती है। पार्टी विकास, नौकरी और रोजगार की बात करती है और नकारात्मक राजनीति में विश्वास नहीं रखती। सपा सरकार के दौरान प्रदेश में बड़े पैमाने पर विकास के कार्य हुए। उन्होंने कहा कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर किसानों, नौजवानों, गरीबों और महिलाओं के हित में काम किया जाएगा। शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में व्यापक सुधार होगा, गरीबों को मुफ्त इलाज की सुविधा दी जाएगी और महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपये दिए जाएंगे।अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी जो वादा करती है, उसे पूरा करती है। सपा सरकार के समय महिलाओं को पेंशन दी गई, छात्राओं को कन्या विद्या धन योजना का लाभ मिला, बहन-बेटियों की सुरक्षा के लिए 1090 वूमेन पावर लाइन शुरू की गई, 102 और 108 एम्बुलेंस सेवाएं शुरू की गईं। उन्होंने विश्वास जताया कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने में महिलाओं की निर्णायक भूमिका होगी।कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि वे मतदाता सूची पर विशेष ध्यान दें और हर पात्र मतदाता का नाम जुड़वाने का काम करें। उन्होंने अपील की कि फार्म-6 भरकर 6 फरवरी से पहले हर नए और छूटे हुए मतदाता का नाम मतदाता सूची में जुड़वाया जाए। साथ ही उन्होंने भाजपा की कथित हेरा-फेरी से सावधान रहने को कहा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा बेईमान पार्टी है और बेईमानी करने के लिए किसी भी स्तर तक जा सकती है, इसलिए कार्यकर्ताओं को पूरी सतर्कता के साथ लोकतांत्रिक प्रक्रिया की रक्षा करनी होगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी
भाजपा अन्याय और अधर्म के रास्ते पर, 2027 में यूपी की जनता देगी करारा जवाब: अखिलेश यादव
———————-

