देहरादून,30 जनवरी (आरएनएस)। राजीव गांधी नवोदय विद्यालय ननूरखेड़ा स्थित वर्चुअल एंड स्मार्ट क्लासरूम स्टूडियो से शुक्रवार को छात्र-छात्राओं के लिए विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बोर्ड परीक्षाओं के तनाव को कम करना और एनडीए व सीडीएस जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं की तैयारी के लिए मार्गदर्शन देना था। ऑनलाइन माध्यम से जुड़े ब्रिगेडियर गोविंद सिंह ने कहा कि सफलता का सबसे बड़ा मंत्र अनुशासन, निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास है। परीक्षा को बोझ नहीं, बल्कि अपने लक्ष्य तक पहुंचने का एक पड़ाव समझकर तैयारी करें। बताया, सही समय प्रबंधन, नियमित अध्ययन और सकारात्मक सोच से किसी भी बड़ी परीक्षा को आसानी से पार किया जा सकता है। उन्होंने एनडीए व सीडीएस की तैयारी के लिए भी गुरुमंत्र दिए। ब्रिगेडियर गोविंद सिंह 26/11 मुंबई आतंकी हमले के दौरान अग्रिम मोर्चे पर सेना का नेतृत्व कर चुके हैं। उनका साहस, संघर्ष और सेवा भाव छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना। छात्रों ने उनके अनुभवों को ध्यानपूर्वक सुना और उनसे प्रेरणा लेकर अपने लक्ष्य को लेकर और अधिक दृढ़ संकल्पित होने का संकल्प लिया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

