उत्तरकाशी,02 फरवरी (आरएनएस)। विकासखंड चिन्यालीसौड़ के ग्राम पंचायत भड़कोट में शादी-विवाह समारोह और धार्मिक आयोजन में सार्वजनिक रूप से शराब परोसे जाने वालों का सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा। इस नियम का उल्लंघन करने वालों पर अर्थदंड लगेगा। ग्राम पंचायत भड़कोट की आम बैठक में शराब के बढ़ते प्रचलन से चिंतित ग्रामीणों ने आम बैठक में फैसला लिया कि गांव में शादी और अन्य मांगलिक कार्यों में शराब पीने और पिलाने का पूरी तरह बहिष्कार किया जाएगा। चुनावों में भी राजनीतिक प्रत्याशी की ओर से शराब परोसने वाले का गांव में कड़ा विरोध किया जाएगा। शराब परोसने की गतिविधि में किसी परिवार की संलिप्तता पाई गई तो उस परिवार का सामाजिक बहिष्कार करने का निर्णय लिया गया। ग्रामीणों ने सर्वसहमति से आम बैठक में यह प्रस्ताव पारित किया और उल्लंघन पर अर्थदंड का प्रावधान भी रखा। इस मौके पर ग्राम प्रधान जितेन्द्र सिंह बिष्ट, जिला पंचायत सदस्य शिवराज बिष्ट, क्षेत्र पंचायत सदस्य रविन्द्र राणा, कविता, सरला मौजूद थे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

