कोटद्वार,02 फरवरी (आरएनएस)। संघर्ष समिति के बैनर तले लालढांग-चिल्लरखाल मार्ग निर्माण की मांग को लेकर लालढांग और भाबर वासियों ने नगर में ध्यानाकर्षण महारैली निकालकर प्रदर्शन किया। इस मौके पर प्रदर्शनकारियों ने तहसील प्रशासन के माध्यम से प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजकर लालढांग-चिल्लरखाल मार्ग को ऐलिवेटेड बनाने की मांग की। सोमवार को लालढांग व भाबर के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी एवं ग्रामीण चिल्लरखाल में एकत्र हुए। यहां से शुरू हुई महारैली नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए तहसील पहुंचकर सभा में तब्दील हुई। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि क्षेत्रवासी लालढांग-चिल्लरखाल कच्चे मोटर मार्ग को ऐलिवेटेड रोड बनाने की मांग वर्षों से करते आ रहे हैं। मांग को लेकर क्षेत्रवासी पिछले चार माह से आंदोलनरत हैं। इस संबंध में मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा गया। मार्ग निर्माण के लिए राज्य व राष्ट्रीय वन्य जीवन संरक्षण बोर्ड ने ने भी एनओसी दे दी है। प्रदर्शनकारियों ने सर्वोच्च न्यायालय में लंबित इस प्रकरण का जनहित में शीघ्र निस्तारण करवाने, अन्य बाधाओं को दूर करने के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित करने व मार्ग को एलिवेटेड बनाने की मांग की है। प्रदर्शनकारियों में समिति के संयोजक प्रवीण थापा, राजाराम अणथ्वाल, मदन सिंह नेगी, राम कंडवाल, रमेश भंडारी, रंजना रावत, डॉ. शक्तिशैल कपरवाण, हेमा नेगी, ताजवर सिंह, सेवानिवृत्त कैप्टन नारायण सिंह रावत शामिल रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

