कोटद्वार,02 फरवरी (आरएनएस)। भाबर के रामदयालपुर में रविवार रात एक युवक की बाइक नाली में गिर गई। इसी दौरान उसका सिर बिजली के खंभे से टकरा गया जिससे उसकी मौक पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में झंडीचौड़ उत्तरी निवासी एक युवक की मौत हो गई। सूचना मिलते ही स्थानीय निवासी और चौकी पुलिस मौके पर पहुंची।
कण्वघाटी पुलिस चौकी इंचार्ज राजाराम डोभाल ने बताया कि झंडीचौड़ उत्तरी निवासी शमशेर सिंह (36) पुत्र महावीर सिंह ग्रोथ सेंटर स्थित एक कंपनी में कार्यरत था। रविवार देर रात करीब साढ़े नौ बजे वह कंपनी से अपने घर की ओर आ रहा था। तेज रफ्तार होने से बाइक का संतुलन बिगड़ गया जिससे उसकी बाइक सड़क किनारे नाली में घुस गई। इस दौरान उसका सिर बिजली के खंभे से टकरा गया। खंभे से टकराने से सिर पर गंभीर चोट लग गई जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और शव कब्जे में लेकर कोटद्वार बेस अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। सोमवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों को सौंप दिया। घटना से परिजनों में कोहराम मचा है।
हेलमेट पहना होता तो बच जाती जान: बाइक सवार युवक शमशेर ने यदि हेलमेट पहना होता तो उसकी जान बच सकती थी। दरअसल, सिगड्डी सिडकुल से उसके घर की दूरी दो किमी से भी कम है। नजदीक का मामला होने के कारण शायद बाइक सवार ने हेलमेट पहनना जरूरी नहीं समझा लेकिन नियति को कुछ और की मंजूर रहा। परिजनों के अनुसार वह माता पिता का इकलौता बेटा था। वह विवाहित था, लेकिन कोई संतान नहीं है। अपने पीछे वह माता पिता, पत्नी और छोटी बहन को छोड़ गया है। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। कण्वघाटी पुलिस चौकी इंचार्ज राजाराम डोभाल ने क्षेत्र के सभी दुपहिया वाहन सवारों को कम रफ्तार और हेलमेट पहनकर वाहन चलाने की अपील की है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

