देहरादून,02 फरवरी (आरएनएस)। तृतीय द ग्रेट स्वामी विवेकानंद मेमोरियल फुटबॉल प्रतियोगिता में स्पोर्ट्स हॉस्टल ने अनुज के तीन गोल की बदौलत पछवादून एफसी को 4-1 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। दूसरे मैच में ग्राफिक एरा एफसी ने राजपुर एफसी को 3-0 से शिकस्त दी। पवेलियन ग्राउंड में चल रहे टूर्नामेंट में सोमवार को स्पोर्ट्स हॉस्टल व पछवादून एफसी के बीच पहला मैच खेला गया। खेल के 32वें और 36वें मिनट में स्पोर्ट्स हॉस्टल के फॉरवर्ड अनुज ने गोल करते हुए टीम को 2-0 से आगे कर दिया। 41 वें मिनट में पछवादून के फॉरवर्ड अनुराग ने गोल दाग स्कोर 2-1 कर दिया। मध्यांतर के बाद स्पोर्ट्स हॉस्टल का दबदबा रहा। 50वें मिनट में स्पोर्ट्स हॉस्टल के नितिन ने गोल कर बढ़त को 3-1 कर दिया। 65 वें मिनट में अनुज ने गोल दाग हैट्रिक पूरी करते हुए स्पोर्ट्स हॉस्टल को 4-1 से जीत दिला दी। गोलों की तिकड़ी जमाने वाले स्पोर्ट्स हॉस्टल अनुज को मैन ऑफ द मैच चुना गया। दूसरा मैच ग्राफिक एरा एफसी व राजपुर एफसी के बीच खेला गया। खेल के 30 वें मिनट में ग्राफिक एरा को पेनल्टी किक मिली। जिस पर फॉरवर्ड केसी ने गोल दाग टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। 57 वें मिनट में एक बार केसी और 83 वें मिनट में आयुष ने गोल दागकर ग्राफिक एरा को 3-0 की निर्णायक बढ़त दिलाई। केसी को मैन ऑफ द मैच चुना गया। मंगलवार को टूर्नामेंट में दून वैली व दून स्टार और सिटी यंग्स व एडोर्न गढ़वाल स्पोर्टिंग के बीच मैच खेला जाएगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

