देहरादून,03 फरवरी (आरएनएस)। सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल (एसबीपीएस) के तैराकों ने देहरादून में आयोजित मुख्यमंत्री स्वीमिंग चैंपियनशिप ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन करते हुए आठ पदक अपने नाम किए। प्रतियोगिता में स्कूल ने चार स्वर्ण, दो रजत और दो कांस्य पदक जीते। सोमवार को उन्हें स्कूल में सम्मानित किया गया। महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में आयोजित इस राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेश भर से लगभग 600 तैराकों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में एसबीपीएस की महिला तैराकों का दबदबा देखने को मिला।कक्षा 9 की इरा रावत ने 50 मीटर अंडर-14 वर्ग में फ्री स्टाइल और बैक स्ट्रोक स्पर्धा में दो स्वर्ण पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। वहीं कक्षा 11 की मनस्वी पंवार ने 50 मीटर अंडर-19 वर्ग में फ्री स्टाइल और बैक स्ट्रोक में दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए। कक्षा 7 की आरना चौहान ने 50 मीटर अंडर-14 फ्री स्टाइल में रजत पदक और ब्रेस्ट स्ट्रोक में कांस्य पदक हासिल किया। कक्षा 9 की अवनी राणा ने 50 मीटर अंडर-19 फ्री स्टाइल में कांस्य और ब्रेस्ट स्ट्रोक में रजत पदक जीता। बलूनी ग्रुप के प्रबंध निदेशक विपिन बलूनी और प्रिंसिपल पंकज नौटियाल ने सभी विजेता खिलाडिय़ों को सम्मानित भी किया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

