देहरादून,03 फरवरी (आरएनएस)। कांग्रेस ने उत्तराखंड में ध्वस्त कानून-व्यवस्था के खिलाफ प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने गुंजन हत्याकांड में लापरवाही बरतने वाले अफसरों पर कार्रवाई की मांग की। मंगलवार को उत्तराखंड में महिलाओं के खिलाफ लगातार बढ़ते जघन्य अपराधों और देहरादून में चरमराई कानून-व्यवस्था के विरोध में महानगर कांग्रेस कमेटी ने एश्ले हॉल चौक पर धामी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने भाजपा सरकार का पुतला दहन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महिला सुरक्षा में विफल सरकार के खिलाफ रोष जताया। उन्होंने गुंजन प्रकरण में शिकायत के बावजूद कार्रवाई न करने वाले दोषी पुलिस अधिकारियों के तत्काल निलंबन की मांग की। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि धामी सरकार में राजधानी देहरादून महिलाओं के लिए सबसे असुरक्षित शहर बन चुकी है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की अस्थायी राजधानी में लगातार सामने आ रही जघन्य हत्याएं सरकार के सुशासन के खोखले दावों की पोल खोल रही हैं।कांग्रेस प्रवक्ता अभिनव थापर ने कहा कि गुंजन की हत्या के दोषी को सख्त सजा दिलाने और गुंजन को न्याय दिलाने की मांग को लेकर कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा। प्रदेश में लगातार बढ़ते अपराध और बिगड़ती कानून व्यवस्था के खिलाफ कांग्रेस का यह विरोध प्रदर्शन है। उन्होंने पीडि़ता को शीघ्र न्याय मिले और दोषी को कठोरतम सजा देने की मांग की।इस मौके पर मुक्ता रूप से प्रदेश अध्यक्ष महिला कांग्रेस ज्योति रौतेला, प्रदेश उपाध्यक्ष पूरन सिंह रावत, पार्षद रोबिन त्यागी,अभिषेक तिवारी, मोनिका चौधरी, वीरेंद्र बिस्ट,अभिनव थापर,रमेश कुमार मंगू, हरि प्रसाद भट्ट, आलोक मेहता, उर्मिला थापा, सावित्री थापा,जमाल अहमद, अनूप कपूर, वीरेंद्र पंवार, विनीत भट्ट बंटू, अर्जुन पासी , शकील मंसूरी, आदर्श सूद, गगन चाहर, आदि मौजूद थे। ———– पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से लिया होता, तो आज जिंदा होती गुंजन : आप आम आदमी पार्टी ने मछली बाजारन में गुंजन की निर्मम हत्या को लेकर राज्य सरकार पर हमला बोला।कहा कि अगर पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से लिया होता, तो आज गुंजन जिंदा होती। आप नेताओं ने कहा कि यह मामला केवल एक हत्या का नहीं, बल्कि पुलिस की लापरवाही, असंवेदनशीलता और जवाबदेही की पूर्ण विफलता का है। आम आदमी पार्टी का स्पष्ट मानना है कि पुलिस की निष्क्रियता ही गुंजन की हत्या का प्रमुख कारण बनी। उत्तराखंड में लगभग रोज महिलाओं के साथ हत्या, बलात्कार और हिंसा की घटनाएँ सामने आ रही हैं।कहा कि लापरवाह अफसरों को तत्काल निलंबित किया जाए। लापरवाही बरतने वाले सभी पुलिस अधिकारियों पर सख्त विभागीय और आपराधिक कार्रवाई हो। गुंजन हत्याकांड की निष्पक्ष और समयबद्ध न्यायिक जांच कराई जाए। पीडि़त परिवार को उचित मुआवजा और सुरक्षा दी जाए।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

