देहरादून,03 फरवरी (आरएनएस)। दून यूनिवर्सिटी रोड, नई बस्ती मोथरोवाला इलाके में बाइक सवार दो बदमाश इवनिंग वाक पर निकली महिला की चेन लूटकर ले गए। रविवार शाम हुई घटना में सोमवार रात नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने केस दर्ज किया है। मालमती राणा निवासी लेन नंबर-एक, अनिकेत विहार (दून यूनिवर्सिटी रोड) बीते रविवार की शाम करीब छह बजे नई बस्ती मोथरोवाला के पास सड़क पर टहल रही थीं। पीडि़ता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि जब वह पैदल चल रही थीं तभी अचानक एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक उनके पास आए। इससे पहले कि महिला कुछ समझ पाती बाइक पर पीछे बैठे युवक ने उनके गले पर झपट्टा मारा और सोने की चेन तोड़ ली। शोर मचाने पर जब तक आसपास के लोग एकत्र होते दोनों आरोपी तेजी से मोटरसाइकिल भगाते हुए मौके से ओझल हो गए। सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल शुरू की। महिला की शिकायत पर सोमवार रात को केस दर्ज किया गया है। नेहरू कॉलोनी थानाध्यक्ष संजीत कुमार ने बताया कि शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

