ऋषिकेश,03 फरवरी (आरएनएस)। मुनिकीरेती-ढालवाला नगर पालिका परिषद के खिलाफ युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने सामुदायिक भवन के टेंडर को तत्काल निरस्त करने की मांग उठाई। आरोप लगाया कि नगर पालिका अधिकारी मनमाने तरीके से चहेतों को टेंडर दिला रहे हैं। जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल को भेजे ज्ञापन में 10 दिनों के भीतर टेंडर निरस्त न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। मंगलवार को युवा कांग्रेस के राज्य महासचिव अंशुल रावत के नेतृत्व में कार्यकर्ता मुनिकीरेती-ढालवाला नगर पालिका परिषद पहुंचे। उन्होंने पालिका के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला के माध्यम से जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल को ज्ञापन भेजा। इसमें अंशुल रावत ने आरोप लगाया कि पालिका परिषद की ओर से एक वर्ष में दो टेंडर किए गए हैं। सबसे पहले पार्किंग का टेंडर किया गया। इसमें तकनीकी समिति में दो निविदादाताओं के पास होने और निविदा समिति की संस्तुति के बाद भी पालिका ने अपने चहेतों को निविदा में पास न होने पर इसे निरस्त कर दिया। उन्होंने कहा कि पालिका द्वारा वित्तीय हानि का हवाला देकर टेंडर निरस्त किए जाते हैं। विरोध और आपत्ति के बाद स्वीकृत टेंडर के लिए अनुबंध पत्र जारी किए जाते हैं। अनुबंध की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाती है ताकि चहेते ठेकेदार को लाभ पहुंचाया जा सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि नगर पालिका का वर्तमान सामुदायिक भवन का टेंडर निरस्त नहीं किया गया और मामले की निष्पक्ष जांच नहीं कराई गई तो 10 दिन बाद नगर पालिका मुनिकीरेती कार्यालय के बाहर सांकेतिक धरना दिया जाएगा। मांग की है कि प्रार्थना पत्र के क्रम में जांच कराकर नियमानुसार कार्यवाही की जाए। सभी के लिए समान नियम लागू किए जाएं। प्रदर्शन करने वालों में अनुराग पायल, अंशुल रावत, अजय पुंडीर, कौशल चौहान, दीपक राणा, रवि थापा, विजय नेगी, बाबू कंडारी, शुभम तिवारी, सुमित प्रिज्वान, राहुल राणा, ऋषि शुक्ला, नितिन नेगी, विकास चौहान, सुंदरम चौहान, ऋषभ मिश्रा, वैभव रावत, गंगा त्यागी, हिमांशु जाटव, अखिल गुलियाल, गौरव जोशी और प्रियांशु रावत आदि शामिल थे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

