चतुर्थ दिवस: भजन संध्या व भंडारे का आयोजन
हारे के सहारे आजा तेरा दास पुकारे आजा भजन पर झूमे श्रद्धालु
सिरसा 5 फरवरी (आरएनएस)। अनाज मंडी स्थित श्री श्याम बगीची धाम में श्री श्याम सेवा ट्रस्ट की ओर से मंदिर के चौथे 14 दिवसीय स्थापना महोत्सव के चौथे दिन बुधवार रात को भजन संध्या व भंडारे का आयोजन किया गया।मंदिर के मुख्य सेवक पवन गर्ग ने बताया कि मंदिर का चौथा स्थापना महोत्सव के चौथे दिन बुधवार शाम को 6:15 बजे मंदिर के पुजारी राकेश शास्त्री, हितेश शर्मा, धनंजय शुक्ला, शशिकांत शुक्ला, दुलीचंद शर्मा ने पूरे विधि विधान से पूजा अर्चना संपन्न करवाई। इसके बाद बाबा श्याम की पवन ज्योत प्रज्जवलित की गई। रात 7:15 बजे राजेंद्र गनेरीवाला ने गणेश वंदना से भजन संध्या का आगाज किया। उन्होंने हनुमान चालीसा का पाठ किया व भजन- कर दो बेड़ा पार मैं खाटू आएंगा, भर दे श्याम झेली भर दे, किस्मत वालों को मिलता है श्याम तेरा दरबार, तेरा किसने किया श्रृगार सांवरे, घुंघटियो आड़ै आग्यो जी मैं देख कोनी पाई बाबा श्याम, चाकर राख ले सांवरिय तेरो बहोत बड़ो दरबार सहित अनेक भजनों की प्रस्तुति दी। इसके बाद हिसार से आए भजन गायक अभिनव ऐरन ने भजनों के माध्यम से बाबा श्याम के चरणों में अपनी हाजिरी लगाई। ऐरन ने भजन- आओ जी आओ खुशियां मनाओ, वो आ गया खाटू वाला नील घोड़े वाला, कीज्यो केसरी के लाल मेरा छोटा सा काम, वीर हनुमाना अति बलवाना, लहर लहर लहराये रे झंडा बजरंग बली का, हारा हूं बाबा पर तुम पर भरोसा है, हारे के सहारे आजा तेरा दास पुकारे आजा, छोडेगें ना हम तेरा साथ ओ बाबा मरते दम तक सहित अनेक भजनों की प्रस्तुति दी, जिन पर श्यामप्रेमी रात भर नाचते रहे। इस दौरान 8:15 बजे बाबा श्याम को भोग लगाकर श्याम रसोई का प्रसाद वितरित किया गया। हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। रात के भजन संध्या के समापन पर बाबा श्याम की आरती की गई और बाबा को भेग लगाकर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

