शिक्षा खेलकूद में अन्य गतिविधियों के माध्यम से बच्चें अपने स्कूल मां-बाप का नाम रोशन करें :- एसपी ।
सिरसा 5 फरवरी (आरएनएस)।नशा समाज के लिए एक गंभीर चिंता का विषय है,और इससे निपटने के लिए हम सभी को सामूहिक प्रयास करना होगा उक्त विचार पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने जीडी गोयंका स्कूल में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचने उपरांत व्यक्त किए ।कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं स्कूल स्टाफ को संबोधित करते हुए एसपी दीपक सहारन ने कहा कि नशा एक ऐसी सामाजिक बीमारी है जो व्यक्ति को शारीरिक व मानसिक रूप से कमजोर बना देती है । एसपी दीपक सहारन ने कहा कि पुलिस का लक्ष्य केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना नहीं है, बल्कि समाज में नशे के खिलाफ एक नई सोच विकसित करना भी है । हर नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह नशे से दूर रहे और यदि किसी परिचित को इस लत का सामना करना पड़ रहा है, तो उसे सही रास्ता दिखाने में मदद करें । युवा पीढ़ी को नशे से बचाने के लिये उनका खेलों की और रुझान करें ताकि युवा देश के विकास में अपनी अहम भागीदारी सुनिश्चित कर सके ।उन्होंने बताया कि सिरसा पुलिस एवं जिला प्रशासन द्वारा नशे के खिलाफ लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है, जिसके सकारात्मक और सार्थक परिणाम सामने आ रहे हैं। लेकिन इस मुहिम को सफल बनाने के लिए युवाओं की जन भागीदारी अति आवश्यक है, ताकि नशा मुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंच सके । एसपी सहारन ने स्कूल स्टाफ एवं अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों के साथ प्रेमपूर्वक व्यवहार करें, उनकी गतिविधियों पर नजर रखें और उन्हें नशे से होने वाले दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि बच्चों को ऐसे किसी भी पदार्थ के सेवन से दूर रखें जिससे नशा होता है और नशा करने वाले लोगों की संगत से बचाएं, क्योंकि संगत का असर स्वाभाविक रूप से पड़ता है । एसपी दीपक सहारन ने कहा कि बच्चों का सर्वांगीण विकास किसी भी समाज और राष्ट्र की मजबूत नींव होता है। शिक्षा, खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से बच्चे अपनी छिपी हुई प्रतिभा को पहचानते हैं और उसे निखारने का अवसर पाते हैं। स्कूली जीवन वह स्वर्णिम समय है जब सीखने की क्षमता सबसे अधिक होती है। इस अवस्था में प्राप्त ज्ञान, संस्कार और अनुशासन व्यक्ति को जीवन भर मार्गदर्शन देते हैं।उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी युग में आवश्यक है कि बच्चे कड़ी मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के बल पर अपने सपनों को साकार करें। शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद में भागीदारी बच्चों को शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से मजबूत और टीम भावना से परिपूर्ण बनाती है। सफलता केवल अंकों तक सीमित नहीं होती, बल्कि अच्छे संस्कार, सकारात्मक सोच और जिम्मेदारी की भावना भी उतनी ही महत्वपूर्ण होती है। एसपी दीपक सहारा ने कहा कि बच्चों को अपने सपनों को साकार कर अपने स्कूल, माता-पिता और समाज का नाम रोशन कर सकें। बच्चों को चाहिए कि वे अच्छे लोगों को अपना रोल मॉडल बनाएं, उनसे प्रेरणा लें और अपने लक्ष्य की ओर निरंतर प्रयासरत रहें। ईमानदारी, अनुशासन और परिश्रम के साथ किया गया प्रयास निश्चित रूप से सफलता दिलाता है। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति नशे का अवैध कारोबार करता है तो उसकी सूचना पुलिस को हेल्पलाइन नंबर 8814056100 या 8814011620 पर दें, ताकि उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके। वहीं यदि कोई व्यक्ति नशे से ग्रस्त है और नशा छोडऩा चाहता है, तो उसकी जानकारी भी पुलिस प्रशासन को दी जा सकती है, ताकि उसका उपचार कराकर समाज की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके । इस अवसर पर स्कूली बच्चों एवं स्टाफ सदस्यों ने नशे को समाज से पूर्ण रुप से खत्म करने के लिए एक जुट होकर संकल्प लिया की न तो खुद नशा करेंगे और न ही अपने आस-पास किसी को नशा करने देंगे । इस अवसर पर स्कूल के चेयरमेन मुरारी लाल बंसल,वाइस चेयरमेन अजय शर्मा,स्कूली की प्रिसिंपल शिखा शर्मा अत्री एवं अन्य स्टाफ सदस्यों ने एसपी साहब को मोमेंटो भेंट कर उनका स्वागत किया ।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

