सिरसा 6 फरवरी (आरएनएस)। रोजगार विभाग हरियाणा के निर्देशानुसार जिला रोजगार कार्यालय द्वारा 02 से 06 फरवरी तक व्यावसायिक मार्गदर्शन सप्ताह का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए व्यावसायिक मार्गदर्शन से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए गए।
जिला रोजगार अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि व्यावसायिक मार्गदर्शन सप्ताह के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भावदीन में कक्षा दसवीं व बारहवीं के विद्यार्थियों को शिक्षा एवं रोजगार से संबंधित मार्गदर्शन प्रदान किया गया। इस दौरान एमएसएमई से आईईओ विकास व राकेश शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए व्यावसायिक शिक्षा, तकनीकी शिक्षा तथा निजी एवं सरकारी क्षेत्रों में उपलब्ध रोजगार के अवसरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
साथ ही राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय डिंग, आर्य सीनियर सेकेंडरी स्कूल काठमंडी सिरसा, जैन कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सिरसा, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शाहपुर बेगू एवं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अरनियांवाली में भी कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान कक्षा दसवीं व बारहवीं के विद्यार्थियों को व्यावसायिक एवं तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ निजी और सरकारी क्षेत्र में रोजगार के अवसरों पर मार्गदर्शन दिया। सप्ताह के अंतिम दिन जिला रोजगार कार्यालय में एलआईसी के डेवलपमेंट ऑफिसर चेतन द्वारा कार्यालय में आए हुए प्रार्थियों को बीमा सखी योजना के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

