सिरसा 6 फरवरी (आरएनएस)। हरियाणा योग आयोग एवं आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में प्रदेशभर में चल रहे राज्य स्तरीय सूर्य नमस्कार अभियान-2026 के अंतर्गत आयुष योग सहायकों द्वारा जिले की सभी योगशालाओं एवं विभिन्न शिक्षण संस्थानों में सूर्य नमस्कार का नियमित अभ्यास करवाया जा रहा है। जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. आशु शर्मा के आदेशानुसार व जिला येाग कोऑर्डिनेटर डा. सुरेंद्रपाल नागर के मार्गदर्शन में यह अभियान चलाया जा रहा है।
शुक्रवार को नाथूसरी चोपटा क्षेत्र के गांव कागदाना स्थित नेशनल चिल्ड्रन मॉडल सी. सै. स्कूल में विद्यार्थियों एवं स्टाफ को सूर्य नमस्कार का अभ्यास करवाया गया। योगाचार्य बजरंग साहू ने बताया कि सूर्य नमस्कार अभियान 12 जनवरी से शुरू किया गया था जोकि 12 फरवरी तक चलेगा। उन्होंने कहा कि इस अभियान को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। सूर्य नमस्कार योग का एक संपूर्ण अभ्यास है, जिसमें 12 आसन शामिल होते हैं। इसके नियमित अभ्यास से शरीर, मन और आत्मा तीनों को लाभ मिलता है।
योग विशेषज्ञों और स्वास्थ्य चिकित्सकों के अनुसार, बदलती जीवनशैली और बढ़ती स्वास्थ्य समस्याओं के बीच सूर्य नमस्कार एक सरल लेकिन अत्यंत प्रभावशाली योग अभ्यास है। इसके 12 आसनों का क्रम पूरे शरीर को सक्रिय करता है, मांसपेशियों को मजबूत बनाता है और शरीर की लचीलापन क्षमता बढ़ाता है। हाल के योग शिविरों और स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों में इसे वजन नियंत्रण और फिटनेस के लिए विशेष रूप से उपयोगी बताया गया है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य संजीव पूनिया ने कहा कि आज के समय में बच्चों के दैनिक जीवन में सूर्य नमस्कार अत्यंत आवश्यक है। इसके नियमित अभ्यास से शरीर स्वस्थ रहता है, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है, एकाग्रता में सुधार होता है और तनाव कम होता है। विद्यार्थियों के लिए यह अभ्यास अनुशासन, आत्मविश्वास और मानसिक स्थिरता विकसित करने में सहायक है।
सिरसा, 6 फरवरी। फोटो 05
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

