सिरसा 6 फरवरी (आरएनएस)।जस्ट इंडिया न्यूज़ फाउंडेशन के 5वें स्थापना दिवस के अवसर पर 30 जनवरी 2026 को महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय, रोहतक के राधा कृष्णन ऑडिटोरियम में यूनिफॉर्म वुमेन अवॉर्ड फंक्शन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हरियाणा के पुलिस महानिदेशक (ष्ठत्रक्क) श्री अजय सिंघल, आईपीएस रहे।
इस गरिमामय समारोह में हरियाणा पुलिस में उत्कृष्ट सेवाएं दे रही वर्दीधारी महिलाओं को सम्मानित किया गया। इसी क्रम में सिरसा जिले की दो महिला पुलिसकर्मियों को उनके सराहनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
एएसआई सरोज बाला, वर्तमान में पुलिस स्टेशन डिंग में कार्यरत, को उनके अनुकरणीय कार्य, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट पुलिसिंग के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। विभागीय कार्यों में उनकी कुशलता, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और जिम्मेदारी को देखते हुए उनका चयन इस सम्मान के लिए किया गया।
एएसआई सरोज बाला ने अपने कार्यकाल के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, आमजन से संवेदनशील व्यवहार और महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में सक्रिय भूमिका निभाकर विभाग की छवि को सशक्त किया है। वे न केवल अपने सहयोगियों बल्कि आम जनता के बीच भी एक ईमानदार और कर्मठ पुलिस अधिकारी के रूप में पहचानी जाती हैं।
वहीं पीएसआई प्रीति, जो वर्तमान में सिरसा पुलिस अधीक्षक कार्यालय में स्टेनो के पद पर कार्यरत हैं, को भी उनकी सेवाओं और कार्यकुशलता के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डीजीपी अजय सिंघल ने कहा कि वर्दीधारी महिलाएं आज हर मोर्चे पर अपनी काबिलियत साबित कर रही हैं और समाज के लिए प्रेरणास्रोत बन रही हैं। उन्होंने सम्मानित महिला पुलिसकर्मियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
यह सम्मान सिरसा पुलिस के लिए गर्व का विषय है और अन्य पुलिसकर्मियों को भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देता है।

