सिरसा 6 फरवरी (आरएनएस)। जिला रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा शुक्रवार को रेडक्रॉस भवन में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में कुल 31 रक्तदाताओं ने रक्तदान किया।
जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव लाल बहादुर बेनीवाल ने बताया कि सामान्य अस्पताल में रक्त की कमी को दूर करने के उद्देश्य से रेडक्रॉस द्वारा यह शिविर आयोजित किया गया। उन्होंने रक्तदाताओं से कहा कि उनके रक्तदान से अनेक जिंदगियां बचाई जा सकती हैं। रक्तदान एक महान पुण्य कार्य है, जो न केवल जरूरतमंद का जीवन बचाता है, बल्कि उसके परिवार के जीवन में भी खुशियां भरता है। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को हर तीन माह के अंतराल पर रक्तदान करना चाहिए। रक्तदान से शरीर को किसी प्रकार का नुकसान नहीं होता, बल्कि यह शरीर को स्वस्थ बनाए रखने में सहायक होता है।
सामान्य अस्पताल के रक्त बैंक की टीम से रक्त संचरण अधिकारी डॉ. समता, लैब तकनीशियन ओम प्रकाश तथा काउंसलर बसंत सैनी द्वारा रक्त संग्रह किया गया। शिविर के सफल आयोजन में संत निरंकारी मिशन के सेवकों तथा प्रोफेशनल प्राथमिक सहायता प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षणार्थियों का विशेष योगदान रहा।
इस अवसर पर हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के चिकित्सक डॉ. मुनीष मोमी, जिला रेडक्रॉस सोसायटी सिरसा के सहायक सचिव गुरमीत सिंह सैनी, उप अधीक्षक पवन राणा, प्राथमिक सहायता प्रवक्ता संतोष रानी, गुरचरण सिंह, रजत बंसल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

