राजनांदगांव में दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रक से टकराई बाइक, तीन की मौत, दो बच्चे गंभी
Rajnandgaon/ – छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में शनिवार शाम एक भीषण सड़क दुर्घटना ने तीन लोगों की जान ले ली, जबकि दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा ग्राम फुलझर के पास, बोल बम धनांश इंजीनियरिंग स्टील कंपनी के समीप, नेशनल हाईवे से करीब दो किलोमीटर अंदर हुआ।
पुलिस के मुताबिक, एक माजदा ट्रक के पीछे चल रही मोटरसाइकिल अचानक ट्रक से जा टकराई। बाइक पर कुल पांच लोग सवार थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में सूरज यादव (24 वर्ष), निवासी ग्राम थनौद, जिला दुर्ग, शामिल हैं, जबकि दो अन्य मृतक नाबालिग बताए जा रहे हैं।
घटना में घायल हुए दो बच्चों—राहुल यादव (11 वर्ष) और ईशान यादव (8 वर्ष)—को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, सभी लोग मोटरसाइकिल से थनौद से मड़ई होते हुए जराही गांव की ओर जा रहे थे। फुलझर के पास सामने चल रहे ट्रक से उनकी बाइक टकरा गई।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा कर दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।


















