सिरसा 9 फरवरी (आरएनएस)। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश पुनीश जिंदिया ने सोमवार को स्थानीय जिला जेल का औचक निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी प्रवेश सिंगला भी मौजूद रहे।इस दौरान उन्होंने जिला जेल परिसर में स्थित विभिन्न कारखानों का निरीक्षण किया। इनमें सरसों के तेल का कोलू, वेल्डिंग वक्र्स, बेकरी, पेट्रोल पंप तथा कारपेंटर वर्कर्स शामिल रहे। उन्होंने इन इकाइयों में चल रही गतिविधियों, व्यवस्थाओं एवं कार्यप्रणाली का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जेल प्रशासन को सभी कारखानों एवं परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने तथा व्यवस्थाओं को सुचारू रखने के निर्देश दिए। साथ ही बंदियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं को और बेहतर बनाने पर भी जोर दिया गया।

