नईदिल्ली,10 फरवरी (आरएनएस)। दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में विभागीय लापरवाही से हादसों का सिलसिला जारी है। नोएडा और जनकपुरी के बाद रोहिणी में भी एक युवक की खुले मैनहोल में गिरने से मौत हो गई है। हादसा बेगमपुर थाना क्षेत्र के रोहिणी सेक्टर-32 में महाशक्ति काली मंदिर के पास हुआ है। मृतक बिहार के समस्तीपुर निवासी बिरजू कुमार बताया जा रहा है, जो मजदूरी का काम करता था। घटना ने एक बार फिर लापरवाही को उजागर किया है।
बताय जा रहा है कि बिरजू अपने दोस्त के साथ मजदूरी करके मंगलवार देर शाम को लौट रहा था। घटना के समय दोनों नशे की हालत में थे। तभी बिरजू खुले का संतुलन बिगड़ गया और वह मैनहोल में गिर गया। हालांकि, इसका पता उसके दोस्त को काफी देर बाद चला और उसने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मैनहोल के पास चप्पल की पहचान से युवक की पहचान हुई। उसको बचाने का प्रयास असफल रहा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस और अग्निशमन बल के कर्मचारी मौके पर पहुंच गए थे। इसके बाद राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल के लोगों को बुलाया गया। कई घंटे की मशक्कत के बाद बिरजू का शव मैनहोल से निकाला गया। घटना के बाद लोगों में रोष दिख रहा है। लोगों का कहना है कि यह मैनहोल काफी समय से खुला था। घटना के बाद मैनहोल को ढक दिया गया है।
जनवरी में नोएडा में सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवराज मेहता की मौत मॉल के बेसमेंट के लिए बनाए गए गड्ढे में गिरने से हो गई थी। वे रात को कार्यालय से घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि कोहरे की वजह से मेहता को सड़क पर गड्ढा दिखाई नहीं दिया। गड्ढे के आसपास कोई बैरीकेडिंग भी नहीं थी। कुछ दिन पहले ही दिल्ली के जनकपुरी में एक बैंक कर्मचारी की गड्ढे में गिरने से मौत हो गई थी।
००


















