चुनाव पूर्व घटना से पहले सुरक्षा एजेंसियों के कान हुए खड़े
पुरूलिया 15 फरवरी (आरएनएस)। जंगलमहल इलाके में माओवादी (माओबादी) नाम से लगाए गए पोस्टरों को लेकर रविवार को इलाके में हड़कंप मच गया। सफेद कागज पर लाल स्याही से लिखे इन पोस्टरों के सामने आने से, खासकर आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजऱ, सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है। इन पोस्टरों में तृणमूल कांग्रेस के कुमड़ा क्षेत्र अध्यक्ष भवतोष दास समेत कुल आठ लोगों के नाम लिखे गए हैं। पोस्टर में इन सभी को चेतावनी देते हुए कहा गया है कि उनके खिलाफ जन-अदालत में सुनवाई होगी। साथ ही पंचायत परियोजनाओं में भ्रष्टाचार और नौकरी दिलाने के नाम पर पैसे लेने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं। जानकारी के अनुसार, रविवार तड़के बांदोवान थाना अंतर्गत कुमड़ा इलाके में तृणमूल कांग्रेस के स्थानीय पार्टी कार्यालय और यजपुर प्राथमिक विद्यालय की दीवारों पर माओवादी नामांकित कई पोस्टर चिपकाए गए थे। सुबह स्थानीय लोगों की नजर इन पोस्टरों पर पड़ी, तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी पोस्टरों को जब्त कर लिया। पुलिस मामले की जांच शुरू कर दी है। बांदोवान थाना पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले गणतंत्र दिवस के दिन भी बांकुड़ा जिले के विभिन्न इलाकों में माओवादी नामांकित पोस्टर मिले थे। सोमवार सुबह तालडांगरा और ओंदा थाना इलाकों में कहीं पेड़ों के तनों पर तो कहीं बस स्टॉपेज की दीवारों पर ऐसे ही पोस्टर पाए गए थे। उन पोस्टरों में कथित तौर पर मारे गए माओवादी नेता हिडमा को श्रद्धांजलि दी गई थी। लगातार इस तरह के पोस्टर सामने आने से जंगलमहल क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन सतर्क हो गया है। पुलिस और खुफिया एजेंसियां यह जांच कर रही हैं कि यह किसी संगठन की सक्रियता है या फिर माहौल बिगाडऩे की कोशिश है।


















