ऋषिकेश,19 फरवरी (आरएनएस)। जौलीग्रांट एयरपोर्ट से कैब संचालन का मामला गुरुवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तक पहुंच गया। स्थानीय टैक्सी संचालकों ने देहरादून में सीएम से मुलाकात कर उन्हें मामले से अवगत कराया। टैक्सी संचालकों ने बताया कि सीएम के आश्वासन पर कैब संचालन पर फिलहाल रोक लगा दी गई है। टैक्सी यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष सुंदर सिंह पंवार ने सीएम को ज्ञापन सौंपकर बताया कि एयरपोर्ट से निजी कंपनी के कैब संचालन से स्थानीय टैक्सी चालकों के समक्ष रोज़ी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा। वर्षों से स्थानीय चालक सीमित संसाधनों में पर्यटन, आवागमन और आपात सेवाओं का जिम्मा निभाते आ रहे हैं। ऐसे में बाहरी निजी कंपनी के प्रवेश से स्थानीय चालकों के व्यवसाय प्रभावित होगा। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर टैक्सी का संचालन निजी कंपनी को दिए जाने के निर्णय पर रोक लगाई जाए। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार स्थानीय लोगों के हितों की पूरी तरह से रक्षा करेगी। उन्होंने कहा कि किसी भी नई व्यवस्था या निजी संचालन से पहले स्थानीय रोजगार, नियमों और संतुलन को प्राथमिकता दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने इस संबंध में परिवहन विभाग से समन्वय स्थापित करते हुए परिवहन सचिव बृजेश संत से स्वयं बातचीत कर उचित समाधान निकालने का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद निजी कंपनी के कैब संचालन पर फिलहाल रोक लगा दी गई है। मौके पर भाजपा नेता ईश्वर रौथान, भगवान सिंह पवार, सुनील गुसाई, महेंद्र भारती, चंद्र किशोर उनियाल आदि मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

