ऋषिकेश,19 फरवरी (आरएनएस)। निकाय चुनाव में नगर निगम मेयर पद के उम्मीदवार के रूप में चर्चा में आए दिनेश चंद्र मास्टर ने अचानक उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चा से अलग होने की घोषणा कर दी है। उन्होंने कहा कि वह अब स्वतंत्र रूप से राज्य के विकास और स्थानीय लोगों के हितों के लिए कार्य करेंगे। गुरुवार को ऋषिकेश के गीतानगर निवासी दिनेश चंद्र मास्टर ने सोशल मीडिया के माध्यम से इस्तीफे को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब दिया। उन्होंने बताया कि वह मोर्चा के संस्थापक सदस्य हैं, लेकिन निजी कारणों से उन्होंने अपना इस्तीफा संगठन से जुड़े बॉबी पंवार को भेज दिया है। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल वह किसी अन्य राजनीतिक दल में शामिल नहीं होंगे। वर्ष 2027 में विधानसभा चुनाव लडऩे के सवाल पर उनका कहना था कि वह जनता की इच्छा के अनुसार निर्णय लेंगे। इस्तीफे को लेकर कई तरह की चर्चा दिनेश चंद्र मास्टर के इस फैसले के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि आगामी विधानसभा चुनाव में वह ऋषिकेश सीट से मोर्चा के उम्मीदवार बनना चाहते थे, जबकि संगठन उन्हें पौड़ी से चुनाव मैदान में उतारने की तैयारी कर रहा था। सूत्रों के अनुसार, इसी मुद्दे पर सहमति नहीं बनने के कारण मामला इस्तीफे तक पहुंचा। हालांकि, उन्होंने इन अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि उनका उद्देश्य स्वतंत्र रहकर जन मुद्दों के लिए संघर्ष करना है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

