कोटद्वार,19 फरवरी (आरएनएस)। ग्राम पंचायत मोहरा का राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय पिछले चार वर्षों से खस्ताहाल है। सड़क निर्माण के दौरान जमीन धंसने से विद्यालय के एक कक्ष की दीवार गिर चुकी है। पढऩे वाले नौनिहालों का जीवन संकट में है। टोलबार-मोहरा-नौगांव मोटर मार्ग निर्माण के दौरान विद्यालय भवन की सुरक्षा पर ध्यान नहीं दिया गया जिससे बीती बरसात में विद्यालय के आंगन की जमीन धंसने के साथ ही हालात काफी नाजुक हो गए हैं। कंप्यूटर कक्ष व स्टोर की बाहरी दीवार दरकने से आंतरिक हिस्सों में दरार पडऩे से खतरा बना हुआ है। विद्यालय प्रशासन व ग्रामीणों की ओर से सड़क निर्माण से जुड़ी कार्यदायी संस्था पीएमजीएसवाई से बचाव कार्य के लिए समय रहते पुश्ता निर्माण की मांग की गई थी। पीएमजीएसवाई की ओर से कम ऊंचाई का पुश्ता बनवा दिया गया। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि विभागीय मानकों के अनुरूप पुश्ता निर्माण किया गया है। वहीं, प्रधानाध्यापक सतेंद्र प्रकाश, शिक्षक ओमप्रकाश तिवारी ने बताया कि स्थिति से संबंधित विभाग एवं जनप्रतिनिधियों को भी अवगत कराया जा चुका है। समाज सेवी बीरेंद्र प्रसाद का कहना है कि क्षेत्रीय विधायक रेनू बिष्ट से विद्यालय की दशा सुधारने की लिखित तौर पर मांग की गई है।
विद्यालय की स्थिति के संबंध में क्षेत्र पंचायत की बैठक में चर्चा के साथ ही अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है। बच्चों के जीवन की सुरक्षा के प्रति किसी भी विभाग की ओर से पहल न किया जाना चिंता का विषय है। -सरिता रावत, ग्राम प्रधान मोहरा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

