हरिद्वार,21 फरवरी (आरएनएस)। मौसम का मिजाज बदलते ही सेहत पर असर दिखने लगा है। दिन में गर्मी और सुबह-शाम हल्की ठंड के कारण सर्दी, खांसी, जुकाम और वायरल बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। शहर के मेला अस्पताल में पिछले तीन दिनों से ऐसे मरीजों की संख्या में इजाफा दर्ज किया गया है। फिजिशियन डॉ. मनीष के अनुसार रोजाना औसतन 20 मरीज सर्दी-खांसी, जुकाम और वायरल संक्रमण की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं। इनमें बच्चों और बुजुर्गों की संख्या अधिक है। तापमान में बदलाव और लापरवाही इसके मुख्य कारण हैं। कई लोग सक्रमण के शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज कर देते हैं। डॉ. मनीष ने सलाह दी कि बदलते मौसम में विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए। सुबह-शाम ठंड से बचने के लिए हल्के गर्म कपड़े पहनें। ठंडा पानी, आइसक्रीम और खुले में रखे खाद्य पदार्थों से परहेज करें। पर्याप्त मात्रा में गुनगुना पानी पिएं। ताजा और घर का बना भोजन ही करें। उन्होंने कहा कि खांसी-जुकाम होने पर स्वयं दवा लेने की बजाय चिकित्सक की सलाह लें। यदि बुखार तीन दिन से अधिक रहे, तेज सिरदर्द हो या सांस लेने में तकलीफ हो तो तुरंत अस्पताल पहुंचें।

